बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में बढ़ती आवारा पशुओं और काटने वाले कुत्तों की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में सोमवार को नगर पालिका की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई करते हुए आवारा पशुओं को पकड़ने के साथ-साथ शिकायत वाले इलाकों में डॉग स्क्वॉड की मदद से आक्रामक एवं काटने वाले कुत्तों को सुरक्षित तरीके से नियंत्रण में लिया। इस कार्रवाई से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों ने राहत की सांस ली।
नगर पालिका के अनुसार शहर में लगातार मिल रही शिकायतों और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना, यातायात को सुचारु बनाए रखना और काटने वाले कुत्तों से लोगों को सुरक्षित रखना है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर के निर्देश पर नगर पालिका के स्वच्छता एवं पशु नियंत्रण अमले ने शहर के प्रमुख मार्गों पर अभियान चलाकर सड़कों पर विचरण कर रहे आवारा मवेशियों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर निर्धारित स्थानों पर पहुंचाया। अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर घूमने वाले पशु न केवल यातायात में बाधा बनते हैं, बल्कि कई बार सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। इसलिए ऐसे पशुओं को व्यवस्थित रूप से हटाने का कार्य लगातार जारी रहेगा।
इसके साथ ही नगर पालिका को मेडिकल कॉलेज क्षेत्र, पुरानी शिवपुरी के कटरा मोहल्ला, कन्या परिसर, वार्ड क्रमांक-2, टंगरा रोड तथा फिजिकल क्षेत्र से काटने वाले और आक्रामक कुत्तों की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका की डॉग स्क्वॉड टीम ने संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर अभियान चलाया। टीम ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में चिन्हित कुत्तों को सुरक्षित एवं मानवीय तरीके से पकड़कर नियंत्रण में लिया।
नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान पशुओं और कुत्तों के साथ किसी प्रकार की क्रूरता नहीं बरती जाती। सभी कार्रवाई निर्धारित नियमों और पशु कल्याण संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जाती है। अभियान का उद्देश्य केवल नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहर में बेहतर व्यवस्था बनाए रखना है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में जहां-जहां से काटने वाले या आक्रामक कुत्तों की शिकायत प्राप्त हो, वहां तत्काल टीम भेजकर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान केवल मुख्य बाजारों तक सीमित न रहे, बल्कि वार्डों, कॉलोनियों और बाहरी क्षेत्रों में भी नियमित रूप से चलाया जाए, ताकि पूरे शहर में नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में आवारा पशु यातायात में बाधा बन रहे हों या काटने वाले एवं आक्रामक कुत्तों की समस्या हो तो इसकी सूचना तत्काल नगर पालिका को दें, ताकि संबंधित टीम समय पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सके।
नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में भी शहर के सभी वार्डों और प्रमुख क्षेत्रों में यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन का प्रयास है कि शिवपुरी को आवारा पशुओं की समस्या से राहत मिले, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए और नागरिकों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। अभियान को लेकर नगर पालिका ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नागरिकों की सहभागिता से ही शहर को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर बनाया जा सकता है।