बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई एक बार फिर आम नागरिकों के लिए त्वरित न्याय का माध्यम बनी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के समक्ष अपनी समस्या लेकर पहुंचे श्योपुर निवासी एक आवेदक को कुछ ही घंटों में राहत मिल गई। प्रशासन की तत्परता के चलते लंबे समय से लंबित सीमांकन का मामला मौके पर ही सुलझा दिया गया और आवेदक को उसके मकान एवं भूमि का वास्तविक कब्जा दिला दिया गया।
जनसुनवाई के दौरान जिला श्योपुर निवासी लक्ष्मण सिंह सोलंकी ने कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा को बताया कि शिवपुरी तहसील के ग्राम फतेहपुर में स्थित उनके मकान एवं भूमि का सीमांकन लंबे समय से लंबित था। पूर्व में आदेश जारी होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से उन्हें बार-बार श्योपुर से शिवपुरी आना पड़ रहा था, जिससे समय और आर्थिक दोनों प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश मिलते ही राजस्व अमला सक्रिय हुआ और टीम को तुरंत ग्राम फतेहपुर रवाना किया गया।
राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भूमि एवं मकान का नियमानुसार सीमांकन किया। सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गईं। सीमांकन के बाद प्रशासन ने आवेदक लक्ष्मण सिंह सोलंकी को उनके मकान और भूमि का वास्तविक कब्जा भी मौके पर ही दिला दिया।
लंबे समय से चली आ रही समस्या का एक ही दिन में समाधान होने पर आवेदक ने खुशी जताई और जिला प्रशासन की त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा और राजस्व विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें समय पर न्याय मिला है, जिससे प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।
जिला प्रशासन का कहना है कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। इसी उद्देश्य के अनुरूप प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है, ताकि पात्र नागरिकों को समय पर न्याय और राहत मिल सके।