बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को समय पर पक्के मकान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिला पंचायत शिवपुरी के सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत श्री विजय राज ने की। बैठक में जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ब्लॉक समन्वयक (बीसी) आवास एवं योजना से जुड़े नोडल अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जनपदवार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। स्वीकृत, निर्माणाधीन एवं लंबित आवासों की स्थिति पर चर्चा करते हुए सीईओ श्री विजय राज ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों के आवास अभी अधूरे हैं, उनका निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र परिवार को समय पर पक्का आवास उपलब्ध हो और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीईओ श्री विजय राज ने सभी जनपद पंचायतों के अधिकारियों से कहा कि वे निर्माणाधीन आवासों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर कार्यों का सत्यापन करें। उन्होंने हितग्राहियों से लगातार संपर्क बनाए रखने और निर्माण कार्य में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही ब्लॉक समन्वयकों एवं नोडल अधिकारियों को दैनिक प्रगति की समीक्षा कर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के लिए कहा गया।
बैठक के दौरान योजना की लक्ष्य पूर्ति, लंबित प्रकरणों, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी आवासों का निर्माण तय समय के भीतर गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा कराया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और बेघर परिवारों को सम्मानजनक जीवन के लिए पक्का आवास उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतें।
बैठक के अंत में अधिकारियों से शासन की मंशा के अनुरूप समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने और नियमित समीक्षा के माध्यम से जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया गया।