बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका परिषद शिवपुरी ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर ने गुरुवार को मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित वार्ड क्रमांक-1 में निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के साथ-साथ निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की भी बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ श्री राठौर ने निर्माण में उपयोग की जा रही ईंट, सीमेंट, कंक्रीट, सरिया, प्लास्टर तथा अन्य निर्माण सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी से प्रत्येक आवास की प्रगति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य शासन द्वारा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही किए जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। इसलिए इस योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने निर्माण एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी आवास में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग, गुणवत्ता में कमी या कार्य में अनावश्यक देरी पाई गई तो संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने, गुणवत्ता की निगरानी बनाए रखने तथा सभी आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री राठौर ने हितग्राहियों से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों को आश्वस्त किया कि नगर पालिका परिषद शिवपुरी शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र परिवार तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक हितग्राही को मजबूत, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत संचालित सभी निर्माण कार्यों की लगातार समीक्षा और मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नियमित निरीक्षण के माध्यम से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है ताकि सभी आवास समय पर पूर्ण होकर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र उपलब्ध कराए जा सकें। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में चल रही यह निगरानी व्यवस्था न केवल निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बढ़ा रही है, बल्कि हितग्राहियों का विश्वास भी मजबूत कर रही है।
नगर पालिका का लक्ष्य है कि योजना के तहत बनने वाला प्रत्येक आवास गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता के सभी मानकों पर खरा उतरे तथा जरूरतमंद परिवारों को शीघ्र अपने पक्के घर का सपना साकार हो सके।