बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में संचालित 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत शुक्रवार को फिजिकल थाना पुलिस द्वारा सेंट बेनेडिक्ट स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ एसडीओपी सचिन दुर्वे तथा फिजिकल थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल बैंड की आकर्षक सलामी से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों और उससे बचाव पर आधारित प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियां देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इसी दौरान मौसम में अचानक बदलाव आया और तेज धूप निकलने से मैदान में बैठे विद्यार्थियों को असुविधा होने लगी। यह दृश्य देखकर पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया मंच पर बैठी नहीं रहीं, बल्कि स्वयं मंच से उतरकर बच्चों के बीच पहुंच गईं। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ धूप में बैठकर पूरी प्रस्तुति देखी। एसपी का यह सहज और संवेदनशील व्यवहार छात्रों, शिक्षकों और उपस्थित लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। कुछ देर बाद मौसम ने फिर करवट ली और बादल छा गए।
कार्यक्रम के समापन पर एसपी भूटिया ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए नशामुक्त जीवन का महत्व समझाया। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफलता किसी शॉर्टकट से नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और मजबूत संकल्प से मिलती है। उन्होंने कहा कि शिक्षक और अभिभावक बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं, इसलिए उनके मार्गदर्शन का सम्मान करना चाहिए।
छात्रों को प्रेरित करते हुए एसपी ने कहा, "दूसरों से तुलना करने के बजाय हमेशा खुद को सर्वश्रेष्ठ मानिए और अपने लक्ष्य की ओर पूरी ईमानदारी और मेहनत से आगे बढ़िए।" उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने सपनों को साकार करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। एसपी के प्रेरक संदेश और बच्चों के प्रति उनके आत्मीय व्यवहार ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।