थाना प्रभारी घनश्याम भदौरिया की बड़ी कार्रवाई:फर्जी पुलिस बनकर साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार;11.20 लाख का माल जब्त

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के भौंती थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर लोगों को अश्लील संदेश भेजने, खुद को पुलिस अधिकारी बताकर झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने और डराकर पैसे वसूलने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है !

आरोपी के कब्जे से करीब 11 लाख 20 हजार रुपये कीमत की कार, बाइक और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया की टीम ने ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत की।

पुलिस के अनुसार भारत सरकार के प्रतिविंब पोर्टल पर लगातार ऐसी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिनमें स्थानीय युवाओं द्वारा फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों से संपर्क किया जाता था। आरोपी स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर कॉल करता था और पीड़ितों को दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध में झूठा मुकदमा दर्ज होने तथा गिरफ्तारी की धमकी देकर भयभीत करता था। इसके बाद मामले को रफा-दफा कराने के नाम पर ऑनलाइन रुपये ऐंठे जाते थे। शिकायतों के आधार पर भौंती पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।

6 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर शिवम लोधी (21) पुत्र अमर सिंह लोधी, निवासी राधाकृष्ण मोहल्ला, भौंती को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, पल्सर मोटरसाइकिल (MP33 NA 9987) तथा बलेनो कार (UP93 BZ 9432) जब्त की। जब्त किए गए माल की कुल अनुमानित कीमत 11 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 241/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 319(2), 318(2), 338, 308(6), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय पिछोर में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के साथ अन्य लोग भी इस साइबर गिरोह में शामिल थे या नहीं और अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, उपनिरीक्षक संजय कुमार भगत, प्रधान आरक्षक अभयराज सिंह, मृत्युंजय सिंह, आरक्षक मलखान गुर्जर, बृजेश राणा, गजेंद्र शर्मा और दुर्गाविजय रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या सोशल मीडिया अकाउंट पर भरोसा न करें तथा कोई व्यक्ति खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पैसे मांगे तो तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)