मंदिर में कथित अभद्रता के विरोध में आधे घंटे चक्काजाम:आरोपी पर NSA और जिलाबदर की मांग;पुलिस बोली-गिरफ्तार कर भेजा जेल

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कुंवरपुर गांव स्थित शिव मंदिर में कथित अभद्रता के मामले ने गुरुवार को तूल पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सकल हिंदू समाज और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पोहरी चौराहे पर करीब आधे घंटे तक चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी सोनू जाटव को जिलाबदर करने और उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की मांग उठाई। चक्काजाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन से पहले हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे। उनका उद्देश्य पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करना था। हालांकि, एसपी से मुलाकात नहीं हो सकी। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उनकी मांगों पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय के बाहर नारेबाजी की और विरोध जताया।

इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पोहरी चौराहे पहुंचे और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग कर यातायात नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ समय तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। राहगीरों और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।

सूचना मिलते ही एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे और कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और उनकी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात फिर से सामान्य हो सका।

हिंदू संगठनों का आरोप है कि 5 अगस्त को कुंवरपुर के प्राचीन शिव मंदिर में आरोपी ने हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणी की, जिससे सनातन धर्म के अनुयायियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठनों ने अपने आवेदन में आरोपी को जिलाबदर करने अथवा उसके विरुद्ध एनएसए के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने कठोर कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

वहीं, सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ पहले ही प्रकरण दर्ज किया जा चुका है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील भी की है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)