प्रधानमंत्री की फोटो छपे थैले में 25 क्वार्टर शराब ले जाते पकड़ा गया आरोपी

Shivpuri First
0

 


शिवपुरी। कोलारस थाना पुलिस ने ग्राम मोहराई में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 25 क्वार्टर देशी प्लेन शराब के साथ पकड़ा। खास बात यह रही कि आरोपी शराब को जिस पीले रंग के थैले में लेकर घूम रहा था, उस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो छपी हुई थी। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।


पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त को प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र सिंह सेंगर कस्बे में भ्रमण पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मोहराई में एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब बेचने के लिए लेकर खड़ा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम स्वतंत्र साक्षी पप्पू धाकड़ को साथ लेकर ग्राम मोहराई पहुंची।


मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर पुलिस को एक व्यक्ति पीले रंग का थैला हाथ में लिए दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसके हाथ में मौजूद थैले की तलाशी लेने पर उसमें देशी प्लेन मदिरा के 25 क्वार्टर मिले, जिनकी कीमत करीब 2,500 रुपए बताई गई है।


पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम द्वारिका परिहार पुत्र कोमल परिहार, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम मोहराई बताया। पुलिस द्वारा शराब रखने और बेचने का वैध लाइसेंस मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब को पंचों की मौजूदगी में जब्त कर सीलबंद किया और जप्ती पंचनामा तैयार किया।


पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील कर न्यायालय में उपस्थित होने के लिए पाबंद किया गया। इसके बाद उसे मौके से छोड़ दिया गया। मामले में पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)