मंच से उतरीं जनपद-नपा अध्यक्ष, जिपं सदस्य कार्यक्रम छोड़कर लौटीं, शिवपुरी विधायक को मंच से उतरकर करना पड़ा महिला जनप्रतिनिधियों का मान-मनोवल

Shivpuri First
0
नाराजगी जाहिर करती नपा अध्यक्ष 

शिवपुरी। राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव में अफसरशाही और प्रोटोकाल के नाम पर चुनी हुई जनप्रतिनिधियों का खुला अपमान कर दिया गया। अपमान से आहत होकर जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता रघुवीर रावत और नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा मंच से उतर गईं और जिला पंचायत सदस्य भारती रावत तो कार्यक्रम ही छोड़कर चली गईं।


मनाते हुए विधायक

उल्लेखनीय है कि 22 अगस्त को कृषि उपज मंडी पिपरसमां में बलराम महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में विधायकों सहित कई पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को मंच पर स्थान दिया गया। जब सभी मेहमान मंच पर पहुंचे तो जनपद अध्यक्ष हेमलता रघुवीर रावत सहित नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा को पीछे वाली पंक्ति में स्थान दिया गया। इस पर वह दोनों नाराज होकर मंच से नीचे उतर आईं। जब कुछ अधिकारियों ने उनसे मंच पर बैठने का आग्रह किया तो मंच से उतरकर आईं नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा और जनपद अध्यक्ष हेमलता रावत को कुछ अधिकारियों ने मनाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने मंच पर जाने से साफ इनकार कर दिया। दोनों महिला जनप्रतिनिधियों ने दो टूक कहा कि, मंच पर सिर्फ दो महिला जनप्रतिनिधि थीं, और उनकी भी सीट सबसे पीछे लगा दी गई। क्या महिला जनप्रतिनिधियों की यही औकात है? उन्होंने कहा कि, हम जनता द्वारा चुनी हुई जनप्रतिनिधि हैं। अगर मंच पर सम्मान नहीं है तो हमारा उचित स्थान जनता के बीच है, जनता के साथ बैठकर ही कार्यक्रम देखेंगे। मामला बिगड़ता देख आखिर में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन को स्वयं मंच से उतरकर नीचे आना पड़ा। उन्होंने दोनों महिला जनप्रतिनिधियों के हाथ जोड़कर क्षमा मांगी और मान-मनोवल की। वह हेमलता रघुवीर रावत का हाथ पकड़कर बड़ी मुश्किल से उन्हें वापस मंच पर लेकर गए। गायत्री शर्मा को भी मनाया गया। इसके बाद आनन-फानन में दोनों को मंच पर अगली पंक्ति में सीट दी गई। इस दौरान मंच पर उन सीटों पर बैठे अन्य पदाधिकारी नीचे और पीछे खिसकते हुए देखे गए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोग यह कहते हुए सुने गए कि, राज्य स्तरीय कार्यक्रम के नाम पर अगर चुनी हुई महिला जनप्रतिनिधियों को ही पीछे धकेला जाएगा, तो महिला सम्मान की बात करने वाली सरकार के दावों का क्या होगा?

जिस वार्ड में कार्यक्रम, उसी सदस्य का अपमान

सबसे बड़ा अपमान जिला पंचायत सदस्य भारती रावत का हुआ। जिला पंचायत के जिस वार्ड में यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम हो रहा था, उसी वार्ड की सदस्य को मंच पर जगह तक नहीं दी गई। उनके ससुर भूपेंद्र रावत ने आक्रोश जताते हुए कहा कि, जिस जिला पंचायत सदस्य के वार्ड में कार्यक्रम हो रहा है, जब उसी को मंच पर स्थान नहीं दिया जाएगा तो वह रुक कर क्या करेगी? यह सीधा-सीधा अपमान है। जबकि दूसरे वार्ड के सदस्यों को मंच पर बिठाया गया। बताया जा रहा है कि भूपेंद्र रावत स्वयं लघु उद्योग के अध्यक्ष हैं और उनके बड़े भाई यशपाल रावत सेवा भारती के अध्यक्ष हैं, लेकिन उन्हें भी मंच पर बैठने लायक नहीं समझा गया।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)