पिता ने 6 साल की बेटी को पटककर मार डाला:पत्नी से विवाद के बाद वारदात;आरोपी गिरफ्तार

Nikk Pandit
0


खबर:शिवपुरी जिले के छर्च थाना क्षेत्र के श्यामपुरा गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शराब के नशे में पत्नी से विवाद के बाद एक पिता ने कथित तौर पर अपनी 6 साल की बेटी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने के कारण बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता रामबरन आदिवासी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, रामबरन आदिवासी शनिवार रात शराब के नशे में अपने घर पहुंचा था। शराब पीने को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसके बाद रामबरन की पत्नी अपने एक साल के बेटे को लेकर जिगनी गांव में रहने वाले रिश्तेदार के घर चली गई।

इधर, रामबरन की 6 वर्षीय बेटी शिवानी आदिवासी पड़ोस में रहने वाले अपने चाचा अखेराज आदिवासी के घर खेल रही थी। आरोप है कि पत्नी से हुए विवाद के बाद गुस्से में रामबरन अपने भाई के घर पहुंचा और वहां मौजूद बेटी शिवानी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। बच्ची के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि आरोपी ने इस दौरान अपने भाई अखेराज और उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन श्रवण आदिवासी के अनुसार, उस समय बच्ची की सांसें चल रही थीं और उसके सिर व शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। परिजन उसे रात में इलाज के लिए श्योपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवानी को मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद परिजन बच्ची का शव लेकर वापस गांव लौट आए। घटना की जानकारी पुलिस को मिलने के बाद छर्च थाना पुलिस ने आरोपी पिता रामबरन आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों ने लगाए आरोप

घटना के बाद बच्ची के पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों ने पुलिस और प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि रविवार सुबह ही बच्ची की मौत की सूचना पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन देर शाम तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका।

परिजनों के मुताबिक, श्योपुर से बच्ची का शव शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लाने के लिए भी उन्हें वाहन की व्यवस्था अपने स्तर पर करनी पड़ी। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और उनका कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्हें शव शिवपुरी लाना पड़ा।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि रविवार रात मेडिकल कॉलेज परिसर में उन्हें खुले आसमान के नीचे रहना पड़ा। उनका कहना है कि यदि समय पर पोस्टमार्टम की व्यवस्था हो जाती तो उन्हें इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

सोमवार को होगा पोस्टमार्टम

पुलिस द्वारा बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। परिजनों के अनुसार, अब सोमवार सुबह बच्ची का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस आरोपी पिता को गिरफ्तार कर घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

छह साल की मासूम की मौत की इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। एक ओर जहां परिवार बच्ची की मौत से सदमे में है, वहीं शराब के नशे में हुए विवाद के बाद मासूम की जान जाने की घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)