प्रेम मुद्गल बने परशुराम कल्याण बोर्ड के बैराड़ तहसील प्रभारी, समाज को संगठित कर विकास की दिशा में कार्य करने का लिया संकल्प

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर मध्य प्रदेश परशुराम कल्याण बोर्ड द्वारा शिवपुरी जिले की बैराड़ तहसील इकाई में संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए समाजसेवी पंडित प्रेम मुद्गल को बैराड़ तहसील प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्र के ब्राह्मण समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों में हर्ष का माहौल है। इस अवसर पर आयोजित बैठक में समाज को संगठित करने, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक उत्थान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

रविवार को बैराड़ स्थित व्यास मैरिज गार्डन में मध्य प्रदेश परशुराम कल्याण बोर्ड की तहसील इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार और समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसी दौरान बोर्ड के शिवपुरी जिला प्रभारी पंडित श्रीनिवास उपाध्याय की अनुशंसा, ग्वालियर संभाग प्रभारी डॉ. दिलीप समांधिया की सहमति तथा बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त कैबिनेट मंत्री पंडित विष्णु राजौरिया के निर्देश पर पंडित प्रेम मुद्गल को बैराड़ तहसील का तहसील प्रभारी नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई।

नियुक्ति के बाद पंडित प्रेम मुद्गल ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं समाज के वरिष्ठजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही समाज के हितों की रक्षा, युवाओं को जोड़ने और सामाजिक एकता को बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित ब्राह्मण समाज के पूर्व अध्यक्ष पंडित प्रदीप त्रिवेदी तथा नगर परिषद बैराड़ के वरिष्ठ पार्षद पंडित राजकुमार शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रेम मुद्गल के नेतृत्व में बैराड़ क्षेत्र में समाज की विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और सभी लोग एकजुट होकर समाजहित में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकता है।

भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष पंडित धीरज व्यास ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में समाज की संगठन शक्ति को प्रदर्शित करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि समाज को केवल सम्मान की बात करने के बजाय अपने अधिकारों के प्रति भी सजग रहना होगा। उन्होंने युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

परशुराम कल्याण बोर्ड के शिवपुरी जिला प्रभारी पंडित श्रीनिवास उपाध्याय ने बोर्ड के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संगठन का प्रमुख लक्ष्य ब्राह्मण समाज सहित आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के समग्र विकास, सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, सांस्कृतिक संरक्षण और समाज के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार कार्य किया जा रहा है तथा भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।

वरिष्ठ पार्षद पंडित राजकुमार शर्मा ने कहा कि समाज तभी सुरक्षित और मजबूत बन सकता है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति सुरक्षित और संगठित हो। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि अधिकार संघर्ष और एकता से प्राप्त होते हैं तथा समाज की शक्ति उसकी सामूहिकता में निहित होती है।

पंडित प्रेम मुद्गल की नियुक्ति पर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (सनातन) के प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित रामप्रकाश शर्मा, संभागीय सचिव महावीर प्रसाद मुद्गल, जिला उपाध्यक्ष पंडित हरगोविंद शर्मा, अजय जैमिनी, राहुल शर्मा, लवकुश उपाध्याय, प्रदीप पाराशर, कुलदीप मिश्रा, रवि कटारी, मुन्नालाल मुद्गल, श्रीकांत शर्मा, देवकीनंदन शर्मा, सतीश दीक्षित, राधेश्याम शर्मा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

कार्यक्रम का संचालन महावीर मुद्गल ने किया, जबकि अंत में पंडित प्रदीप त्रिवेदी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। बैठक का समापन समाज को संगठित, शिक्षित और सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)