जंगल से चोरी हुई तीन भैंसें बरामद:ग्रामीणों ने लोडिंग वाहन समेत दो संदिग्धों को दबोचा;पुलिस कर रही पूछताछ

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के नरवर थाना क्षेत्र के बरखाड़ी गांव में भैंस चोरी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता और एकजुटता से चोरी कर ले जाई जा रही तीन भैंसों को बरामद कर लिया गया। इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने एक लोडिंग वाहन सहित दो संदिग्धों को भी पकड़ लिया। दोनों को रातभर गांव में निगरानी में रखने के बाद शुक्रवार सुबह नरवर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, बरखाड़ी गांव निवासी फेरन कुशवाह की मां गुरुवार सुबह रोजाना की तरह तीनों भैंसों को चराने के लिए जंगल लेकर गई थीं। दोपहर में भोजन करने के बाद जब वह करीब दो बजे वापस जंगल पहुंचीं तो तीनों भैंसें वहां नहीं थीं। इसी दौरान गांव के धर्मेंद्र कुशवाह के मवेशी भी गायब होने की सूचना मिली। एक साथ कई पशुओं के लापता होने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और सभी ने मिलकर आसपास के जंगल और रास्तों पर तलाश शुरू कर दी।

तलाश के दौरान ग्रामीणों को टुकी गांव की नर्सरी के पास एक संदिग्ध लोडिंग वाहन खड़ा मिला। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें फेरन कुशवाह की तीनों भैंसें बंधी हुई मिलीं। यह देखते ही ग्रामीणों ने वाहन को घेर लिया और आसपास मौजूद दो संदिग्धों को पकड़ लिया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पूछताछ के दौरान एक व्यक्ति ने अपना नाम दीपक जाटव, निवासी नरवर बताया। उसने कहा कि लोडिंग वाहन उसका है और वह नरवर निवासी विनोद बघेल के कहने पर वाहन लेकर आया था। दीपक का दावा है कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि भैंसें चोरी की हैं। उसके अनुसार, उसे सिर्फ इतना बताया गया था कि परिचित की भैंसों को पिछोर छोड़ना है।

इसके बाद ग्रामीणों ने विनोद बघेल को भी पकड़ लिया। पूछताछ में विनोद ने टुकी गांव निवासी चुन्ना गुर्जर का नाम लिया। उसने बताया कि चुन्ना से उसकी पहचान 'नाल उठाने' की प्रतियोगिता के दौरान हुई थी। चुन्ना ने भैंसों को अपने रिश्तेदार की बताकर उन्हें दूसरी जगह पहुंचाने के लिए कहा था। हालांकि, विनोद ने भी चोरी की जानकारी होने से साफ इनकार किया।

ग्रामीणों ने दोनों संदिग्धों, लोडिंग वाहन और बरामद भैंसों को नरवर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि भैंस चोरी के मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस वारदात के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सभी लोग एकजुट होकर तलाश नहीं करते तो भैंसों को जिले से बाहर ले जाया जा सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)