दो माह में दूसरी बार गौवंश से भरा ट्रक पकड़ा:बदरवास में तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार;पहले भी इसी वाहन पर हुई थी कार्रवाई

Nikk Pandit
0

बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में एक बार फिर गौवंश तस्करी का मामला सामने आया है। सिंघन गांव के पास गौसेवकों की सतर्कता से गौवंश से भरा एक ट्रक पकड़ा गया, लेकिन ट्रक में सवार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर बदरवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। खास बात यह है कि यही ट्रक करीब दो माह पहले भी गौवंश तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका था।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब 2 बजे गौसेवकों और राजेश जी महाराज को सूचना मिली कि गौवंश से भरा एक ट्रक बदरवास क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही लुकवासा और बदरवास के गौसेवक सिंघन गांव के पास पहुंच गए। जैसे ही ट्रक चालक और उसके साथ मौजूद लोगों ने गौसेवकों को देखा, वे वाहन छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए जंगल की ओर फरार हो गए। इसके बाद गौसेवकों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और ट्रक पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि जब्त ट्रक का पंजीयन क्रमांक RJ 26 GA 9080 है। यह वही ट्रक है जिसे 11 जून की रात पोहरी थाना पुलिस ने गौवंश तस्करी करते हुए पकड़ा था। उस समय भी ट्रक में गौवंश को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, लेकिन बाद में न्यायालय के आदेश पर वाहन छोड़ दिया गया। अब लगभग दो माह के भीतर यही ट्रक दोबारा गौवंश परिवहन करते हुए पकड़े जाने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

घटना के बाद गौसेवक राजेश जी महाराज ने तस्करी में पकड़े जाने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। उनका कहना है कि यदि ऐसे वाहनों को राजसात करने की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से लागू की जाए, तो तस्करी पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पकड़ा गया ट्रक विशेष रूप से गौवंश परिवहन के लिए मॉडिफाई किया गया है, जिसकी जांच परिवहन विभाग द्वारा कराई जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसे वाहनों का इस्तेमाल दोबारा न हो सके।

पोहरी थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि 11 जून को इसी ट्रक को गौवंश तस्करी करते हुए पकड़ा गया था और प्रकरण दर्ज किया गया था, लेकिन न्यायालय के आदेश के चलते वाहन छोड़ना पड़ा। वहीं बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादव ने बताया कि जब्त ट्रक से 4 से 5 गौवंश मिले हैं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

लगातार दूसरी बार एक ही ट्रक का गौवंश तस्करी में पकड़ा जाना यह संकेत देता है कि तस्कर कानून की कमजोरियों का लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों और गौसेवकों का कहना है कि केवल वाहन जब्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)