खबर शिवपुरी बारिश के मौसम में शहर में जलभराव और गंदगी की समस्या को नियंत्रित करने के लिए नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा सोमवार को शहरभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में नगर के अलग-अलग वार्डों, मुख्य मार्गों, बाजारों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई कराई गई। अभियान के दौरान नालियों से कचरा निकालने के साथ सड़कों पर जमा डंप कचरा और मलबा भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से उठवाया गया।
नगर पालिका की टीमों ने सुबह से ही अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई कार्य शुरू किया। बारिश के मौसम को देखते हुए सबसे ज्यादा जोर नालियों की सफाई पर रहा। कई स्थानों पर नालियों में जमा कचरा, जंगली पौधे और झाड़ियां हटाई गईं, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित न हो। इसके अलावा प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर झाड़ू लगाकर सफाई कराई गई।
थीम रोड से लेकर बाजार क्षेत्र तक सफाई
अभियान के तहत थीम रोड डिवाइडर और संतुष्टि के आसपास विशेष सफाई कराई गई। यहां नालियों की सफाई के साथ आसपास उगे जंगली पौधों और झाड़ियों को हटाया गया। थीम रोड मार्केट में भी नगर पालिका की टीम ने विशेष सफाई अभियान चलाया। थीम रोड की नियमित सफाई भी कराई गई, जिससे मुख्य मार्ग को साफ और व्यवस्थित रखा जा सके।
सुबह के समय झिंगर रोड, नूरानी मस्जिद, आईपीएस स्कूल रोड सहित आसपास की गलियों में सफाई कराई गई। वहीं करौंदी क्षेत्र में राठौर की पुलिया से आदिवासी मोहल्ला, राम जानकी मंदिर और खटीक मोहल्ला तक सफाई अभियान चलाया गया। करौंदी के बाथम मोहल्ला और मुस्लिम मोहल्ला क्षेत्र में नालियों की सफाई कर कचरा हटाया गया।
वन विहार और द्वारकापुरी में भी चला अभियान
करौंदी वन विहार क्षेत्र में 10 नंबर गेट कुआं से चली वाली गली तक सफाई कराई गई। इसके अलावा द्वारकापुरी क्षेत्र में भी सुबह विशेष सफाई अभियान चलाया गया। वार्ड क्रमांक 37 की सुभाष कॉलोनी और बाबू क्वार्टर रोड की नालियों की सफाई कर कचरा हटाया गया।
दोपहर में भी नगर पालिका की टीमें अलग-अलग इलाकों में सक्रिय रहीं। करौंदी सम्मेल से वन विहार 10 नंबर गेट और आसपास की गलियों में दलेल लगाकर सफाई कराई गई। मिठाई वाली गली से लेकर आत्माराम वेल्डिंग वाले के घर तक सफाई अभियान चलाया गया। वन विहार 10 नंबर गेट से रामनाथ वाली गली होते हुए पुलिया तक नालियों की सफाई की गई।
प्रमुख मार्गों से भी उठाया गया डंप कचरा
नगर के प्रमुख मार्गों पर जमा डंप कचरे को हटाने के लिए भी विशेष अभियान चलाया गया। राजेश्वरी रोड से पोहरी बस स्टैंड, सर्कुलर रोड, नक्षत्र गार्डन, कलेक्टर बंगला रोड और कोर्ट के आसपास जमा कचरे एवं मलबे को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से उठवाया गया।
वार्ड क्रमांक 2 में पूर्व पार्षद विक्की भदौरिया के सामने वाली बाड़ी की नाली की सफाई कर कचरा हटाया गया। वार्ड क्रमांक 38 में दोपहर के समय दलेल के माध्यम से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। वार्ड क्रमांक 10 की वर्मा कॉलोनी में झाड़ू लगवाकर सफाई कराई गई।
कई वार्डों में एक साथ पहुंची सफाई टीमें
वार्ड क्रमांक 13 में मनियर 27 नंबर कोठी से दुबे नर्सरी रोड, संजय परिहार वाली गली, बीज गोदाम रोड और सरनाम वाली गली में सफाई कराई गई। घोड़ा चौराहा से फतेहपुर कलारी तक सर्कुलर रोड पर भी झाड़ू लगवाकर सफाई कराई गई। वार्ड क्रमांक 12 में भी सफाई अभियान चलाया गया।
इसी तरह वार्ड क्रमांक 15 गणेश कॉलोनी, फतेहपुर में नालियों की सफाई के साथ डंप कचरा हटाया गया। वार्ड क्रमांक 16 बड़ौदी में भी सफाई कराई गई। गांधी पार्क के चारों तरफ की सड़क पर दलेल के माध्यम से सफाई की गई। सीएमओ की कोठी से डीजे साहब की कोठी तक और एनएच कॉलोनी में भी सफाई अभियान चलाया गया।
सहगल टेंट हाउस रोड से ग्वालियर बायपास होते हुए सैंड बैंड स्कूल तक सर्कुलर रोड की भी सफाई कराई गई। वार्ड क्रमांक 4 में हंस बिल्डिंग के पीछे आंगनबाड़ी के पास स्थित नाली की सफाई कर वहां जमा कचरा हटाया गया।
बारिश को देखते हुए नालियों की सफाई पर विशेष जोर
बारिश के मौसम में नालियों में कचरा जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए नगर पालिका द्वारा नालियों, पुलियाओं और जलभराव वाले संभावित क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार सफाई अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखते हुए अलग-अलग वार्डों में लगातार जारी रखा जाएगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत राठौर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था लगातार बेहतर रखी जाए। डंप कचरे और मलबे का समय पर उठाव सुनिश्चित करने के साथ नालियों की नियमित सफाई पर भी निगरानी रखी जाए।
नगर पालिका की ओर से शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की गई है। नागरिकों से कहा गया है कि घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाला कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और नालियों में कचरा न फेंकें। बारिश के दौरान यदि नगर पालिका और नागरिक मिलकर सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तो जलभराव, गंदगी और बीमारियों से बचाव में भी मदद मिल सकती है।
नगर पालिका का यह विशेष अभियान शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के साथ बारिश के मौसम में बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।