शिवपुरी पुलिस का ‘सृजन संवाद’ अभियान शुरू: विद्यार्थियों को कानून,साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा का दिया प्रशिक्षण

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक बनने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को “सृजन संवाद” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिला उत्कृष्ट विद्यालय-01 शिवपुरी में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उनके बेहतर भविष्य, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, अपराधों से बचाव तथा कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ पुलिस और समाज के बीच विश्वास को मजबूत करना रहा।

यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश पुलिस, स्कूल शिक्षा विभाग एवं यूएनएफपीए (UNFPA) के तकनीकी सहयोग से प्रदेशभर में संचालित की जा रही “सृजन संवाद” योजना के तहत आयोजित किया गया। इस योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता विकसित करना, उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देना तथा न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ाना है। साथ ही पुलिस और समुदाय के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए भारतीय संविधान की मूल भावना, नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्य, विभिन्न कानूनों की जानकारी और समाज में कानून के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं का जागरूक होना बेहद जरूरी है, क्योंकि सही जानकारी ही उन्हें अपराधों से बचाने और सही निर्णय लेने में मदद करती है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, बाल अधिकार, किशोर न्याय अधिनियम (जे.जे. एक्ट), पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नारकोटिक्स एवं नशे से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, ऑनलाइन ठगी से बचने, अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने और संदिग्ध लिंक या कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी।

उन्होंने आत्मरक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए छात्राओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों से कहा कि वे कानून का सम्मान करें, गलत गतिविधियों से दूर रहें और अपने परिवार एवं समाज में भी जागरूकता फैलाएं। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही देश का भविष्य है और यदि युवा जागरूक होंगे तो समाज भी सुरक्षित और सशक्त बनेगा।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को “सृजन संवाद” अभियान के माध्यम से स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जिला उत्कृष्ट विद्यालय-01 से इस अभियान की शुरुआत की गई है। आने वाले समय में जिले के अन्य विद्यालयों में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं कानून, सुरक्षा और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।

कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक अनिल कवरेती, रक्षित निरीक्षक गायत्री इटोरिया, सूबेदार भानु प्रताप, जिला उत्कृष्ट विद्यालय-01 के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और प्रभावी ढंग से उत्तर दिया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को कानून का पालन करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प दिलाकर किया गया।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)