थाना प्रभारी रोहित दुबे की बड़ी कार्रवाई:घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

Nikk Pandit
0
बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी शहर में थाना कोतवाली प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।

जानकारी के अनुसार, 03 अगस्त 2026 को फरियादी अंकित कुमार पुत्र राजकुमार (36 वर्ष), निवासी हुसेनगंज, थाना परगना, जिला फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की, तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 590/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रोहित दुबे ने विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने अभिषेक खटीक (22 वर्ष) निवासी दुबे नर्सरी के पास तथा संदीप शर्मा (23 वर्ष) निवासी फतेहपुर रोड, आशीर्वाद हॉस्पिटल के पास को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

थाना प्रभारी रोहित दुबे ने कहा कि शहर में अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रोहित दुबे, उपनिरीक्षक अविनंद छारी, उपनिरीक्षक प्रताप सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक अमिता शर्मा, उपनिरीक्षक राधेश्याम यादव, उपनिरीक्षक विवेक भदौरिया, आरक्षक अजमत राजावत तथा आरक्षक अजय यादव की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में भी अपराधियों के विरुद्ध इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)