शिवपुरी:कोतवाली पुलिस ने पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में अवैध शराब और नकबजनी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को जहरीली शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया, वहीं लगातार हुई नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जहरीली शराब बेचते आरोपी को दबोचा
कोतवाली पुलिस को 13 अगस्त को सूचना मिली थी कि डेली टॉर्टस स्कूल के पास शराब बेचने की फिराक में एक व्यक्ति खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी आकाश वाल्मीकि पुत्र रामजी लाल वाल्मीकि, उम्र 22 वर्ष, निवासी पानी की टंकी के पास लालमाटी, शिवपुरी को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4 लीटर हाथ भट्टी की बनी जहरीली शराब बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 620/26, धारा 49क, 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में पूर्व में भी चार अपराध दर्ज हैं।
नकबजनी की वारदातों का भी खुलासा
कोतवाली पुलिस ने तीन अलग-अलग नकबजनी की घटनाओं की जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक फरियादी सुनील कुमार शर्मा, पवन कुमार गुप्ता और नीरज गोस्वामी के घरों में अज्ञात चोरों द्वारा ताला तोड़कर चोरी की वारदातें की गई थीं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले एवं एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपीगण सुमित शर्मा, उम्र 30 वर्ष, निवासी चाँदपाठा तथा एच्यादा थाना बैराड़ निवासी एक अन्य आरोपी, उम्र 28 वर्ष को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने 3 मई, 21 जून और 22 जून 2026 को चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रोहित दुबे सहित पुलिस टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।