पोलो ग्राउंड से तात्या टोपे स्मारक तक निकली भव्य ‘हर घर तिरंगा’ रैली, पुलिस जवानों की बाइक रैली बनी आकर्षण का केंद्र
शिवपुरी:‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को शिवपुरी शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। पोलो ग्राउंड से अमर शहीद तात्या टोपे स्मारक तक निकाली गई विशाल तिरंगा रैली में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस जवानों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ के नारों ने पूरे शहर के वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
रैली का शुभारंभ विधायक श्री देवेंद्र जैन, विधायक श्री कैलाश कुशवाह, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यंगचेन डोलकर भूटिया तथा भाजपा जिलाध्यक्ष श्री जसवंत जाटव ने हरी झंडी दिखाकर किया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा अमित यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, श्री हरवीर रघुवंशी, श्री राजू बाथम और श्री लवलेश जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी रैली में सहभागिता की।
देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
पोलो ग्राउंड से शुरू हुई रैली कोर्ट रोड, मुख्य बाजार, माधव चौक, गुरुद्वारा और राजेश्वरी रोड से होते हुए तात्या टोपे स्मारक पहुँची। रैली के दौरान देशभक्ति गीतों की गूंज और भारत माता के जयकारों से पूरा शहर उत्साह से भर उठा। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर रैली में शामिल लोगों का स्वागत किया।
पुलिस की बाइक रैली रही खास आकर्षण
रैली में पुलिस विभाग के जवानों की बाइक रैली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। राष्ट्रीय ध्वज लेकर अनुशासित अंदाज में आगे बढ़ते पुलिस जवानों ने आयोजन में जोश और ऊर्जा भर दी। बाइक रैली को देखने के लिए शहरवासियों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।
तात्या टोपे को किया नमन
रैली के तात्या टोपे स्मारक पहुँचने पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अमर शहीद तात्या टोपे की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी की स्मृति को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया। इसके साथ ही रैली का गरिमामय समापन हुआ।
बड़ी संख्या में शामिल हुए अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक
रैली में राजस्व, पुलिस, शिक्षा, आईटीबीपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जवान, विद्यार्थी और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन में अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला, एसडीएम श्री आनंद सिंह राजावत, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आकाश यादव, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर, खनिज अधिकारी श्री रामसिंह उइके सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस रैली ने शिवपुरी में राष्ट्रभक्ति और एकता की भावना को और मजबूत किया। शहरवासियों की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, एकता और स्वाभिमान का प्रतीक है।