बंटी शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई सड़क गांव में जमीन विवाद को लेकर बुलाई गई पंचायत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। पंचायत में समझौते की कोशिश नाकाम रहने के बाद एक युवक पर अपने घर की छत पर चढ़कर बंदूक से हवाई फायर करने और चचेरे भाई को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। शिकायत मिलने पर कोलारस थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सेसई सड़क निवासी 36 वर्षीय गुरप्रीत सिंह का अपने चचेरे भाइयों योधा सिंह सिख और कुलविंदर सिंह सिख के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से 6 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे हरजीत सिंह के घर पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में गांव के सुल्तान यादव, सुखप्रीत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास कर रहे थे।
फरियादी गुरप्रीत सिंह का आरोप है कि पंचायत के दौरान जब कोई सहमति नहीं बन सकी तो योधा सिंह गुस्से में वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह अपने घर की छत पर बंदूक लेकर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोप है कि इसी दौरान उसने बंदूक से हवाई फायर भी किया। अचानक हुई फायरिंग की आवाज से पंचायत में मौजूद लोगों और आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने खुद को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना के बाद गुरप्रीत सिंह सीधे कोलारस थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी योधा सिंह के खिलाफ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, हवाई फायरिंग तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल की जांच के साथ-साथ पंचायत में मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। हवाई फायरिंग के आरोपों की पुष्टि के लिए सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही थी। पंचायत का उद्देश्य विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाना था, लेकिन घटना के बाद गांव में तनाव और बढ़ गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।