शिवपुरी में विशेष स्वच्छता अभियान तेज:थीम रोड से वार्डों तक चला सफाई का व्यापक दौर

Nikk Pandit
0


शिवपुरी, 12 अगस्त 2026। बारिश के मौसम में शहर में जलभराव, गंदगी और नालियों के कारण नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए नगर पालिका परिषद शिवपुरी द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में नगर पालिका का सफाई अमला शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर सड़कों, नालियों, बाजारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर रहा है।

बुधवार को भी शहरभर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान थीम रोड, बाजार क्षेत्रों, विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों पर जमा मिट्टी, कचरा एवं मलबा हटाया गया। नगर पालिका की टीमों ने कई स्थानों पर नालियों की सफाई कराकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से निकले मलबे को हटवाया।

थीम रोड और भुजरिया तालाब पर विशेष सफाई

अभियान के तहत थीम रोड मार्केट और थीम रोड की विशेष सफाई कराई गई। थीम रोड के डिवाइडर पर लंबे समय से जमा मिट्टी को हटाया गया। वहीं भुजरिया तालाब क्षेत्र में सफाई कराकर खरपतवार हटाई गई। शंकर कॉलोनी स्थित शासकीय विद्यालय में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

सुबह के समय झिंगर रोड, नूरानी मस्जिद, आईपीएस स्कूल रोड और आसपास की गलियों में सफाई कराई गई। करौंदी क्षेत्र में करौंदी समेल से पारस होटल तक सड़क की दोनों पट्टियों पर झाड़ू लगाकर सफाई की गई। इसके अलावा राठौर की पुलिया से आदिवासी मोहल्ला, राम जानकी मंदिर और खटीक मोहल्ला तक भी सफाई अभियान चलाया गया।

करौंदी से वार्डों तक सफाई अभियान

करौंदी क्षेत्र में पत्रकार अशफाक खान के घर से बार्नेस की दुकान, बाथम मोहल्ला और मुस्लिम मोहल्ले तक सफाई कराई गई। वार्ड क्रमांक 18 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र बाला पार्क में खरपतवार हटाई गई। वार्ड क्रमांक 3 विवेकानंद कॉलोनी में नालियों की सफाई की गई, जबकि वार्ड क्रमांक 21 पुरानी शिवपुरी के बड़ा बजरिया मोहल्ले में नालियों की सफाई कराई गई।

नगर पालिका की टीम ने राजेश्वरी रोड से पोहरी बस स्टैंड, सर्कुलर रोड, नक्षत्र गार्डन, कलेक्टर बंगला रोड और कोर्ट के आसपास जमा कचरे को उठवाया। फिजिकल रोड की नालियों की भी सफाई कराई गई।

प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में भी चला अभियान

कर्बला से भदैया कुंड तथा भदैया कुंड से छतरी चौक तक सड़क की दलेल द्वारा सफाई कराई गई। दोपहर में वार्ड क्रमांक 13 मनियर क्षेत्र में 27 नंबर कोठी से दुबे नर्सरी वाली रोड, संजय परिहार वाली गली, बीज गोदाम वाली रोड और सरनाम वाली गली में झाड़ू लगाई गई।

वार्ड क्रमांक 8 हाथीखाना और सिटी सेंटर क्षेत्र में भी सफाई अभियान चलाया गया। घोड़ा चौराहा से फतेहपुर कलारी तक सर्कुलर रोड की सफाई कराई गई। वार्ड क्रमांक 8 चंद्र कॉलोनी तथा वार्ड क्रमांक 10 कृष्णापुरम कॉलोनी में नालियों की सफाई के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से मलबा उठवाया गया।

वार्ड क्रमांक 4 जाटव मोहल्ला में नालियों की सफाई कराई गई। कमलागंज क्षेत्र में गांधी पार्क, मानस भवन ग्राउंड और आसपास की सड़कों की दलेल से सफाई कराई गई।

बारिश को देखते हुए नालियों की सफाई पर जोर

नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे अभियान में बारिश के मौसम को विशेष रूप से ध्यान में रखा जा रहा है। जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में नालियों की सफाई, जमा कचरे और मलबे का उठाव तथा सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान लगातार जारी रखा जाए। उन्होंने नालियों की नियमित सफाई और डंप कचरे के तत्काल उठाव के निर्देश देते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शिवपुरी का निर्माण नगर पालिका की प्राथमिकता है। बारिश के दौरान नालियों और जलभराव वाले क्षेत्रों की नियमित निगरानी एवं सफाई कर नागरिकों को परेशानी से बचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

नगर पालिका ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने घरों और दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और नालियों में कचरा न फेंकें। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग भी आवश्यक है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)