![]() |
| पीड़ित महिला |
शिवपुरी। जयपुर में रह रही एक महिला बुधवार को शिवपुरी पहुंची और महिला थाने के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर एक युवक पर सोशल मीडिया के जरिए उसे परेशान करने का आरोप लगाया। महिला का आरोप है कि लुधावली निवासी युवक पिछले करीब 15 दिनों से इंस्टाग्राम पर उसकी, उसकी 9 साल की बेटी और मां की तस्वीरें पोस्ट कर रहा है। विरोध करने पर कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी भी दी गई। हालांकि, जिस युवक पर आरोप लगाए गए हैं, उसने महिला के आरोपों को निराधार बताया है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी शिवपुरी के पुरानी शिवपुरी स्थित नीलगर चौराहा क्षेत्र में हुई थी। करीब छह साल पहले बीमारी के चलते उसके पति की मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपनी 9 साल की बेटी के साथ जयपुर के सीतापुरा, गोवर्धन नगर स्थित मायके में रह रही है और वहीं प्राइवेट नौकरी करती है।
इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर लगाया आरोप
महिला का आरोप है कि लुधावली निवासी सेट्टी खान पुत्र मुसद्दी खान अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर उसकी, उसकी बेटी और मां की तस्वीरें पोस्ट कर रहा है। महिला के मुताबिक, सोशल मीडिया पर तस्वीरें सामने आने के बाद उसके रिश्तेदारों और मायके पक्ष के लोगों के बीच भी उसे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महिला ने शिकायत में बताया कि उसने और उसके मायके पक्ष के लोगों ने मोबाइल फोन के माध्यम से युवक से तस्वीरें पोस्ट किए जाने को लेकर बात की। आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक ने तस्वीरें पोस्ट करना जारी रखने की बात कही और कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।
जयपुर से शिवपुरी आकर दी शिकायत
महिला का कहना है कि सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट किए जाने से परेशान होकर वह जयपुर से शिवपुरी पहुंची। बुधवार को उसने महिला थाने और एसपी कार्यालय में शिकायत देकर पुलिस को इंस्टाग्राम पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराए।
महिला ने पुलिस से सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई तस्वीरों को हटवाने, मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी गतिविधि नहीं होने देने की मांग की है। शिकायत में महिला ने यह आशंका भी जताई है कि लगातार हो रही कथित गतिविधियों के कारण उसे और उसके परिवार को परेशानी या खतरा हो सकता है।
युवक ने आरोपों को बताया निराधार
महिला द्वारा लगाए गए आरोपों पर संबंधित युवक ने इन्हें निराधार बताया है। उसका कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस के सामने महिला की शिकायत, उसके द्वारा उपलब्ध कराए गए स्क्रीनशॉट और युवक का पक्ष मौजूद है। मामले में पुलिस द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों और सोशल मीडिया पोस्ट की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

