खुशबू शर्मा खबर: शिवपुरी‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शनिवार को शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवपुरी में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 19 सितंबर को आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भाषण, गायन और लोक कला-संस्कृति की प्रस्तुतियां दीं। खास बात यह रही कि ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों के प्रभावशाली भाषणों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का ध्यान खींचा।
कार्यक्रम में शिवपुरी विधायक श्री देवेंद्र जैन तथा योग आयोग के अध्यक्ष श्री राघवेंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
‘सेवा संकल्प अभियान’ मध्य प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान में विद्यार्थियों से जुड़ी चित्रकला और भाषण जैसी गतिविधियां भी शामिल हैं।
मां सरस्वती के पूजन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान हुआ। विद्यालय के विद्यार्थियों ने सुमधुर गायन और लोक कला-संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक,
जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रंगोली और चित्रकला प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।
मंच पर बिना कागज के बच्चों ने दिए दमदार भाषण
समारोह का सबसे खास हिस्सा विद्यार्थियों की भाषण प्रस्तुति रही। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय के तहत विद्यार्थियों ने अलग-अलग मुद्दों पर अपने विचार रखे।
कन्या विद्यालय पिछोर की अपूर्वा कलावत ने ‘विकसित भारत 2047’, शुभम कॉन्वेंट नरवर की मानवी खटीक ने ‘नशे से दूरी है जरूरी’, सांदीपनि विद्यालय शिवपुरी के हर्षिल जैन ने ‘शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ और विकसित भारत’, उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 की रूपाली शिवहरे ने ‘विजन 2047’, सांदीपनि विद्यालय की अनन्या भार्गव ने ‘भारत की विशेषताएं’, अंकेश धाकड़ ने ‘2014 से अब तक किए गए प्रयास एवं विकसित भारत की नींव’ तथा पीएम श्री स्कूल नरवर की सुहाना शाक्य ने ‘स्वच्छ भारत’ विषय पर अपने विचार रखे।
विद्यार्थियों के भाषणों की सराहना करते हुए विधायक देवेंद्र जैन ने इन सातों वक्ताओं को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
चित्रकला में जूनियर और सीनियर वर्ग के विजेताओं का सम्मान
चित्रकला प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में नैन्सी कुशवाहा ने प्रथम, गगन अग्रवाल ने द्वितीय और शैली रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं सीनियर वर्ग में हार्दिक शर्मा प्रथम, अनुष्का राजपूत द्वितीय और वैष्णवी चौहान तृतीय स्थान पर रहीं।
सभी विजेता विद्यार्थियों के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
विधायक बोले—नई पीढ़ी की प्रतिभा देश की ताकत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक देवेंद्र जैन ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘विकसित भारत’ के निर्माण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने मंच पर विद्यार्थियों द्वारा बिना कागज देखे दिए गए भाषणों की सराहना करते हुए उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को रेखांकित किया।
राघवेंद्र शर्मा ने बच्चों से पूछा—‘मेरे सपनों का भारत’ कैसा होगा?
योग आयोग के अध्यक्ष राघवेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की नई पीढ़ी यह तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी कि भविष्य का भारत कैसा होगा। उन्होंने बेहतर विद्यालयीन व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने विद्यार्थियों की क्षमताओं की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूर्व विधायक ने साझा की विकसित भारत की परिकल्पना
पूर्व विधायक प्रहलाद भारती ने कहा कि देश की प्रगति में हर वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षकों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारी के साथ काम करने का आह्वान किया।
वहीं जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक टीम और शिक्षकों का धन्यवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ने और शिक्षकों को निष्ठा से शिक्षण कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशासनिक अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ विजय राज, एसडीएम शिवपुरी आनंद सिंह राजावत, जिला शिक्षा अधिकारी आकाश यादव, डीपीसी दफेदार सिंह सहित जनप्रतिनिधि लवलेश जैन, विपुल जैमिनी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कीर्ति गुप्ता सहित समस्त विद्यालय स्टाफ की सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मृदुला नामदेव ने किया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रंगोली एवं चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।