खुशबू शर्मा खबर:शिवपुरी शहर की सड़कों पर बढ़ता ट्रैफिक, जगह-जगह लगने वाला जाम और दुकानों के बाहर फैलता अस्थाई अतिक्रमण अब प्रशासन के निशाने पर है।
शिवपुरी की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रशासन ने नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत शहर के प्रमुख मार्गों पर बड़े बदलाव किए जाएंगे। सबसे बड़ा बदलाव कोर्ट रोड पर देखने को मिलेगा, जहां हाथ ठेले हटाए जाएंगे और चार पहिया वाहनों की एंट्री पर भी रोक लगाने की तैयारी है।
यह कार्रवाई ऐसे समय में प्रस्तावित है, जब शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को लेकर दिशा की बैठक में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम से निजात दिलाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रशासन और यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों की जमीनी स्थिति को समझने के लिए निरीक्षण शुरू कर दिया है।
यातायात पुलिस और नगर पालिका की टीम ने किया निरीक्षण
मंगलवार को यातायात पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम शहर के प्रमुख मार्गों पर पहुंची। अधिकारियों ने सड़क की स्थिति, दुकानों के सामने किए गए अस्थाई अतिक्रमण, हाथ ठेलों की स्थिति और वाहनों की पार्किंग का जायजा लिया।
टीम ने कोर्ट रोड, गांधी चौक, माधव चौक, पुराने बस स्टैंड और गुरुद्वारा चौक सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां-जहां दुकानों के सामने सड़क तक सामान फैलाया गया था या अस्थाई अतिक्रमण किया गया था, उसे चिन्हित किया गया।
अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने से अतिक्रमण स्वयं हटा लें, ताकि प्रस्तावित यातायात व्यवस्था लागू करने में परेशानी न हो।
2-3 दिन में शुरू हो सकती है कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक नए ट्रैफिक प्लान के तहत अगले दो से तीन दिनों में कार्रवाई शुरू होने की संभावना है। यानी शहरवासियों को जल्द ही प्रमुख बाजारों और चौराहों पर बदली हुई यातायात व्यवस्था देखने को मिल सकती है।
प्रशासन का फोकस केवल चालान काटने पर नहीं बल्कि सड़कों को व्यवस्थित करने और यातायात के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने पर है। हालांकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी।
कोर्ट रोड पर हाथ ठेले अब ठंडी सड़क पर जाएंगे
नए प्लान में सबसे बड़ा बदलाव कोर्ट रोड के हाथ ठेला संचालकों को लेकर किया गया है। फिलहाल कोर्ट रोड पर जगह-जगह हाथ ठेले खड़े होने से सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत कोर्ट रोड पर लगने वाले हाथ ठेलों को ठंडी सड़क पर भेजा जाएगा। इसके अलावा कोर्ट रोड से टेकरी की तरफ जाने वाले रास्ते से भी अतिक्रमण हटाने की तैयारी है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य कोर्ट रोड को वाहनों की आवाजाही के लिए ज्यादा खुला रखना है, ताकि व्यस्त समय में जाम की स्थिति कम हो सके।
गांधी चौक के पटवाओं के लिए भी बदलेगा स्थान
गांधी चौक पर लगने वाले पटवाओं को भी नए स्थान पर भेजने की योजना बनाई गई है। इन्हें कोर्ट रोड स्थित सब्जी मंडी के पास जगह देने की तैयारी है।
प्रशासन का मानना है कि गांधी चौक से अस्थाई दुकानें और पटवाओं को व्यवस्थित स्थान पर भेजने से चौराहे पर वाहनों की आवाजाही आसान होगी और ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
कोर्ट रोड पर चार पहिया वाहनों की एंट्री होगी बंद
ट्रैफिक प्लान का एक और बड़ा फैसला कोर्ट रोड पर चार पहिया वाहनों के प्रवेश को लेकर है। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार कोर्ट रोड पर चार पहिया वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई जाएगी।
ऐसे वाहनों की पार्किंग के लिए पुराने बस स्टैंड स्थित राज पैलेस होटल के सामने जगह तय की गई है। यानी कोर्ट रोड को अपेक्षाकृत सुगम बनाने के लिए चार पहिया वाहनों को मुख्य मार्ग से बाहर रोकने की व्यवस्था की जाएगी।
यदि यह व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू होती है तो कोर्ट रोड के ट्रैफिक पैटर्न में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
माधव चौक पर मार्किंग, बैरिकेडिंग और चालान
माधव चौक पर भी यातायात व्यवस्था को लेकर सख्ती की तैयारी है। यहां जूस और मिठाई की दुकानों के सामने निर्धारित स्थान की मार्किंग की जाएगी। इसके बाद उस सीमा के बाहर वाहन खड़े करने पर कार्रवाई की जाएगी।
निर्धारित सीमा को स्पष्ट करने के लिए बैरिकेडिंग भी की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक तय स्थान के बाहर वाहन खड़े करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
इससे सड़क के किनारे बेतरतीब पार्किंग को नियंत्रित करने की कोशिश की जाएगी।
दुकानदारों और वाहन चालकों के लिए बदलेंगे नियम
नए प्लान का सीधा असर दुकानदारों, हाथ ठेला संचालकों और वाहन चालकों पर पड़ेगा। दुकानों के बाहर सड़क तक सामान रखने या अतिक्रमण करने पर रोक रहेगी। हाथ ठेलों को निर्धारित स्थानों पर भेजा जाएगा और वाहनों के लिए भी पार्किंग की व्यवस्था तय की जाएगी।
प्रशासन की कोशिश है कि सड़क का उपयोग सड़क के रूप में ही हो, ताकि बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों और वाहन चालकों को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े।
अब देखना होगा प्लान जमीन पर कितना असर दिखाता है
शहर में जाम की समस्या लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। खासकर कोर्ट रोड, गांधी चौक, माधव चौक और पुराने बस स्टैंड के आसपास पीक टाइम में यातायात का दबाव बढ़ जाता है।
अब प्रशासन ने जिस नए प्लान की रूपरेखा तैयार की है, उसकी असली परीक्षा जमीन पर लागू होने के बाद होगी। ठेले हटाने, पार्किंग तय करने, बैरिकेडिंग और चालानी कार्रवाई के साथ यह भी जरूरी होगा कि नई व्यवस्था लगातार लागू रहे।
फिलहाल शहर की सड़कों को जाम से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। अगले दो-तीन दिनों में कार्रवाई शुरू होने के बाद यह साफ होगा कि कोर्ट रोड से लेकर माधव चौक तक बदली व्यवस्था शिवपुरी के ट्रैफिक को कितना व्यवस्थित कर पाती है।