खुशबू शर्मा खबर:शिवपुरी शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए शिवपुरी नगर पालिका ने अब सफाई अभियान को और तेज कर दिया है। शुक्रवार को शहर के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ सफाई अमले ने मोर्चा संभाला। कहीं नालियों में जमी गंदगी बाहर निकाली गई तो कहीं लंबे समय से पड़े डंप कचरे को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और डंपरों से उठाकर हटाया गया। थीम रोड मार्केट से लेकर फतेहपुर, नवाब साहब रोड, फिजिकल क्षेत्र, जवाहर कॉलोनी, वर्मा कॉलोनी, मनियर और संजय कॉलोनी तक सफाई अभियान का असर नजर आया।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य केवल सड़कों पर झाड़ू लगाना नहीं, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। सफाई अमले ने नालियों की सफाई, दलेल, डंप कचरे का उठाव, मलबा हटाने और सार्वजनिक स्थानों की सफाई को प्राथमिकता दी। बारिश के मौसम को देखते हुए नालियों की सफाई पर खास जोर दिया जा रहा है, ताकि गंदगी के कारण जलभराव की स्थिति न बने।
शुक्रवार सुबह से ही नगर पालिका का सफाई अमला अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय दिखाई दिया। थीम रोड मार्केट में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सड़क और आसपास जमा कचरे को हटाकर क्षेत्र की सफाई कराई गई। इसी तरह वार्ड क्रमांक 15 में फतेहपुर चौराहे से सरस्वती विद्यापीठ स्कूल तक नालियों की सफाई कराई गई। नालियों से निकले कचरे और मौके पर मौजूद डंप को ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से हटाया गया।
वार्ड क्रमांक 11 के नवाब साहब रोड पर भी सफाई अमले ने नालियों की सफाई कर जमा गंदगी और कचरा बाहर निकाला। फिजिकल क्षेत्र स्थित सामुदायिक भवन के पास लंबे समय से जमा कचरे को डंपर में भरवाकर मौके से हटाया गया। वहीं अपना घर गौशाला से मृत गायों को भी उठवाकर आवश्यक कार्रवाई कराई गई।
नगर पालिका के अभियान की रफ्तार जवाहर कॉलोनी और महाराणा प्रताप स्कूल के आसपास भी दिखाई दी। यहां जमा कचरे को ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए हटाया गया। वहीं वर्मा कॉलोनी में गणेश उत्सव को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया गया। क्षेत्र में जमा कचरा हटाने के साथ आसपास की सफाई कराई गई, ताकि धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को गंदगी का सामना न करना पड़े।
खास बात यह रही कि सफाई अभियान केवल सुबह तक सीमित नहीं रहा। दोपहर करीब 2 बजे भी वार्ड क्रमांक 32 और 33 में दलेल लगाकर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 35 की संजय कॉलोनी में नालियों की सफाई कराई गई। नालियों से निकले मलबे और कचरे को मौके से हटवाया गया। गलियों में जमा गंदगी को साफ कर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया।
वार्ड क्रमांक 13 के मनियर क्षेत्र में भी नगर पालिका का सफाई अमला सक्रिय रहा। 27 नंबर कोठी से दुबे नर्सरी वाली रोड, बीज गोदाम वाली रोड, सारनाम वाली गली और संजय परिहार वाली गली में झाड़ू लगाकर सफाई कराई गई। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 14 में फतेहपुर मलेरिया कोठी से दुबे नर्सरी वाली रोड तक सफाई अभियान चलाया गया।
वार्ड क्रमांक 8 के हाथीखाने क्षेत्र में दलेल के माध्यम से सफाई कराई गई। सड़क और आसपास जमा कचरा हटाया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 10 और 11 में नालियों की सफाई के बाद निकले मलबे को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरवाकर मौके से बाहर कराया गया।
नगर पालिका का यह अभियान ऐसे समय में चल रहा है, जब बारिश के कारण शहर की नालियों में कचरा और गाद जमा होने से जलभराव की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में नालियों की सफाई और डंप कचरे का तत्काल उठाव शहर की सफाई व्यवस्था के साथ-साथ जल निकासी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नगर पालिका द्वारा प्रमुख मार्गों, बाजारों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी रखने की बात कही गई है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में सफाई अमले को अलग-अलग क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जहां भी डंप कचरा या मलबा दिखाई दे रहा है, वहां तत्काल उठाव की कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है। इससे आने वाले दिनों में शहर के उन स्थानों पर भी सफाई व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है, जहां लंबे समय से कचरा जमा होने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
नगर पालिका ने नागरिकों से भी साफ शब्दों में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी केवल सफाई कर्मचारियों की नहीं है। यदि नागरिक घरों और दुकानों से निकलने वाला कचरा सड़कों, नालियों और खाली स्थानों पर फेंकने के बजाय निर्धारित स्थान पर डालें, तो सफाई अभियान का असर और बेहतर दिखाई देगा।
अब देखना यह होगा कि शुक्रवार को दिखाई दी सफाई की यह रफ्तार आने वाले दिनों में भी इसी तरह बरकरार रहती है या नहीं। फिलहाल नगर पालिका के सफाई अमले की सक्रियता से शहर के कई इलाकों में गंदगी के खिलाफ अभियान तेज होता नजर आ रहा है। साफ शिवपुरी की तस्वीर तभी मजबूत होगी, जब प्रशासन की कार्रवाई के साथ आम नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।