शिवपुरी में सफाई का एक्शन मोड:गलियों से थीम रोड तक चला अभियान

Nikk Pandit
0


खुशबू शर्मा खबर:शिवपुरी शहर में बारिश के मौसम के बीच गंदगी, जाम नालियों और सड़कों पर जमा कचरे की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका परिषद शिवपुरी एक्शन मोड में नजर आई। सोमवार को सुबह से लेकर दोपहर तक शहर के अलग-अलग वार्डों और प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई अमले ने कहीं नालियां साफ कीं तो कहीं सड़कों से कचरा और मलबा उठाया गया। कई इलाकों में झाड़ू लगाकर सफाई कराई गई, जबकि जल निकासी को बेहतर बनाने के लिए नालियों की सफाई पर भी विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में शहर के कई हिस्सों को कवर किया गया। नगर पालिका के सफाई कर्मचारी सुबह से ही अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंच गए और चिन्हित स्थानों पर सफाई का काम शुरू किया।

झिंगर रोड से नूरानी मस्जिद तक सफाई

अभियान की शुरुआत शहर के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सफाई से हुई। झिंगर रोड, नूरानी मस्जिद, आईपीएस स्कूल रोड और आसपास की गलियों में व्यापक सफाई कराई गई। झिंगर रोड पर आईपीएस स्कूल के सामने वाली नाली की विशेष सफाई की गई। वहीं राजेश की चक्की से लेकर आईपीएस स्कूल तक नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास किया गया।

बारिश के दौरान नालियों में गंदगी और मलबा जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित होती है। ऐसे में नगर पालिका ने नालियों की सफाई को प्राथमिकता देते हुए कई स्थानों पर सफाई अमला लगाया।

करौंदी में कई इलाकों में चला सफाई अभियान

करौंदी क्षेत्र में भी नगर पालिका का सफाई अभियान व्यापक स्तर पर नजर आया। वन विहार 10 नंबर गेट स्थित कुएं से चली वाली गली और आसपास की गलियों में सफाई कराई गई। इसके अलावा पत्रकार अशफाक खान के घर से बार्नेस की दुकान, बाथम मोहल्ला और मुसलमान मोहल्ला तक सफाई कराई गई।

इसी क्षेत्र में राठौर की पुलिया से आदिवासी मोहल्ला, राम जानकी मंदिर और खटीक मोहल्ला तक भी सफाई कराई गई। दोपहर के समय करौंदी क्षेत्र में समोसा मेल से वन विहार 10 नंबर गेट, आसपास की गलियों और मिठाई वाली गली तक सफाई अभियान जारी रहा।

गांधी पार्क से थीम रोड तक सफाई पर जोर

नगर पालिका ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों को भी अभियान में शामिल किया। गांधी पार्क और मानस भवन ग्राउंड में सफाई कराई गई। गांधी पार्क के चारों तरफ की सड़कों पर भी सफाई अमले ने झाड़ू लगाकर कचरा हटाया।

आगामी गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए रैली रूट पर चूना लाइनिंग का कार्य भी कराया गया। वहीं थीम रोड के बदौड़ी क्षेत्र में सड़क किनारे जमा मिट्टी को हटवाकर सफाई कराई गई।

मृत पशुओं को भी उठवाया

शहर की सफाई व्यवस्था के साथ नगर पालिका ने मृत पशुओं को हटाने का काम भी कराया। बाणगंगा गौशाला से मृत जानवर को उठवाया गया, जबकि मनियर तालाब से मृत गाय को भी हटवाया गया। इससे संबंधित क्षेत्रों में दुर्गंध और संक्रमण की आशंका को कम करने की दिशा में कार्रवाई की गई।

प्रमुख सड़कों से उठाया गया कचरा

शहर के प्रमुख मार्गों पर जमा कचरे को भी अभियान के दौरान हटवाया गया। राजेश्वरी रोड, पोहरी चौराहा, सर्कुलर रोड, वीटीपी स्कूल, सर्किट हाउस रोड, कलेक्टर बंगला रोड और कोर्ट के पास से कचरा उठवाया गया।

इसी तरह बाबू क्वार्टर रोड से ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से कचरा और मलबा उठवाया गया। वार्ड क्रमांक 4 की पुरानी मंडी में भी सफाई कर कचरा हटाया गया।

वार्ड 10, 11, 13 और 14 में भी सफाई

दोपहर के समय नगर पालिका की टीमें अलग-अलग वार्डों में सक्रिय रहीं। वार्ड क्रमांक 10 और 11 के कृष्णापुरम क्षेत्र में नालियों की सफाई कराई गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली से मलबा उठवाया गया।

वार्ड क्रमांक 14 के माधव नगर और फतेहपुर में दलेल के माध्यम से झाड़ू लगवाकर सफाई कराई गई। वहीं वार्ड क्रमांक 13 में मनियर, 27 नंबर कोठी से दुबे नर्सरी वाली रोड, बीज गोदाम वाली रोड, संजय परिहार वाली गली और सरनाम वाली गली में सफाई अभियान चलाया गया।

इसके अलावा अंबेडकर पार्क से सीएमओ आवास तक वीआईपी रोड की भी सफाई कराई गई। वार्ड क्रमांक 10 में धाकड़ पेट्रोल पंप के पीछे और डॉक्टर मोगू वाली गली में भी सफाई कराई गई।

जलभराव रोकने पर फोकस

नगर पालिका के इस अभियान में सबसे ज्यादा जोर नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर दिखाई दिया। बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए विभिन्न इलाकों में नालियों से गंदगी और मलबा हटाया गया।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री यशवंत राठौर ने संबंधित अधिकारियों और सफाई अमले को शहर के सभी वार्डों में नियमित सफाई, नालियों की सफाई और कचरा उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उनका जोर इस बात पर है कि बारिश के दौरान जलभराव और गंदगी के कारण नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

नगर पालिका की ओर से नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सड़कों और नालियों में कचरा न डालें और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालकर सफाई व्यवस्था में सहयोग करें। नगर पालिका का कहना है कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि नागरिकों की भी है। अगर सफाई अभियान के साथ नागरिकों का सहयोग जुड़ता है तो शिवपुरी को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव दिखाई दे सकता है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)