डोल ग्यारस-गणेश विसर्जन से पहले सड़कों पर उतरीं SP:बाजारों में पैदल गश्त, बेतरतीब पार्किंग देख दिए सख्त निर्देश

Nikk Pandit
0

खुशबू शर्मा खबर:शिवपुरी जिले में आगामी डोल ग्यारस और गणेश विसर्जन को लेकर शिवपुरी पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। त्योहारों के दौरान शहर में उमड़ने वाली भीड़, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार शाम पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया खुद पुलिस बल के साथ शहर की सड़कों पर उतरीं और प्रमुख बाजारों से लेकर भीड़भाड़ वाले इलाकों तक पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसपी ने शहर के हॉस्पिटल चौराहा, कोर्ट रोड, सब्जी मंडी, माधव चौक, गुरुद्वारा चौराहा, राजेश्वरी रोड और पोलो ग्राउंड सहित प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग और भीड़ की स्थिति पर विशेष नजर रखी गई।

माधव चौक पर बेतरतीब पार्किंग देख दिए निर्देश

पैदल भ्रमण के दौरान एसपी जब माधव चौक पहुंचीं तो दुकानों के सामने कई वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े दिखाई दिए। त्योहार के दौरान इसी क्षेत्र में भीड़ कई गुना बढ़ सकती है। इसे देखते हुए एसपी ने यातायात थाना प्रभारी रक्षित निरीक्षक रणवीर यादव को पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

एसपी ने कहा कि बाजारों में वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रहनी चाहिए और ऐसे इंतजाम किए जाएं जिससे व्यस्त क्षेत्रों में जाम की स्थिति पैदा न हो। त्योहार के दिनों में मुख्य मार्गों और बाजारों में बढ़ने वाले दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस को पहले से तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

दुकानदारों और आम लोगों से भी की बातचीत

निरीक्षण केवल पुलिस व्यवस्था देखने तक सीमित नहीं रहा। एसपी ने पैदल भ्रमण के दौरान दुकानदारों और आम नागरिकों से बातचीत कर उनकी बात भी सुनी।
साथ ही लोगों से त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्य बाजारों में जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और भीड़ नियंत्रण पुलिस के सामने बड़ी चुनौती रहती है। पुलिस इसी चुनौती से निपटने के लिए पहले से व्यवस्था तैयार कर रही है।

सभी थाना प्रभारियों को आदेश—सड़कों पर बढ़ाएं गश्त
एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त करने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही वाहन चेकिंग अभियान चलाने और बाजार, चौराहों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है।

पुलिस का जोर इस बात पर है कि त्योहार के दौरान किसी भी स्थान पर अचानक भीड़ बढ़ने या यातायात का दबाव बनने पर तुरंत स्थिति संभाली जा सके।
संवेदनशील और ज्यादा भीड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

गणेश विसर्जन की रात उमड़ता है शहर

शिवपुरी में गणेश विसर्जन का आयोजन बड़े स्तर पर होता है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाया जाता है। कई स्थानों से झांकियां निकलती हैं और डीजे-बैंड के साथ श्रद्धालु विसर्जन यात्रा में शामिल होते हैं।

विसर्जन के दौरान शहर के प्रमुख रास्तों पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रहती है। कस्टम गेट पर आयोजकों की ओर से बड़ा मंच लगाया जाता है, जहां विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन होता है। यह सिलसिला देर रात तक चलता है।

इसी वजह से इस बार भी पुलिस का सबसे अधिक फोकस भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा पर रहने वाला है।

विसर्जन रूट से घाट तक रहेगा पुलिस बल

डोल ग्यारस और गणेश विसर्जन के लिए निर्धारित मार्गों और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की तैयारी की जा रही है। जुलूस और झांकियों के कारण यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस रूट के हिसाब से व्यवस्थाएं तैयार करेगी।

विसर्जन स्थल पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पानी में उतरने से बचें, निर्धारित स्थान पर ही करें विसर्जन

पुलिस ने सुरक्षा को लेकर नागरिकों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। एसपी ने लोगों से कहा है कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित स्थानों पर ही करें और विसर्जन के दौरान पानी में उतरने से बचें।

विशेष रूप से बच्चों और युवाओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत बताई गई है, ताकि उत्सव के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

शहर के प्रमुख चौराहों पर बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी
त्योहारी माहौल के बीच पुलिस की यह पैदल गश्त साफ संकेत दे रही है कि आने वाले दिनों में प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी। वाहन चेकिंग के साथ पैदल गश्त भी जारी रहेगी।

इस दौरान सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे, यातायात थाना प्रभारी रक्षित निरीक्षक रणवीर यादव, कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे, रक्षित निरीक्षक गायत्री इटोरिया और सूबेदार प्रियंका घोष सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

कुल मिलाकर डोल ग्यारस और गणेश विसर्जन से पहले शिवपुरी पुलिस ने सुरक्षा का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। एसपी खुद बाजारों में पहुंचकर व्यवस्थाओं को परख रही हैं। अब पुलिस की कोशिश रहेगी कि आस्था और उत्साह के इस बड़े आयोजन के दौरान शहर की रफ्तार भी बनी रहे और सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रहे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)