करैरा में मंडी-राजस्व टीम की कार्रवाई, स्टॉक में अंतर मिलने पर गोदाम सील; दूसरे व्यापारी से 1.13 लाख वसूले

Shivpuri First
0


शिवपुरी। करैरा में कृषि उपज के कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर मंडी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने औचक जांच की। ई-अनुज्ञा पोर्टल पर दर्ज स्टॉक और मौके पर मौजूद कृषि जिंसों का मिलान करने पर दोनों व्यापारियों के यहां स्टॉक में अंतर मिला। कार्रवाई के दौरान एक गोदाम को सील कर दिया गया, जबकि दूसरे व्यापारी से ₹1 लाख 13 हजार 605 रुपए का शासकीय शुल्क मौके पर वसूल किया गया।


यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में एसडीएम अनुपम शर्मा और नायब तहसीलदार सुनील यादव के नेतृत्व में की गई।


अभी ट्रेडर्स के गोदाम में मिला ₹56.30 लाख की जिंसों का अंतर


टीम ने मेसर्स अभी ट्रेडर्स, प्रोपराइटर प्रमोद जैन के गोदाम की जांच की। यहां मूंगफली, जौ, मसूर और चना समेत करीब ₹56.30 लाख मूल्य की कृषि जिंसों के स्टॉक में अंतर पाया गया।


विभाग के अनुसार, इस अंतर के आधार पर 5 गुना मंडी टैक्स, निराश्रित एवं समझौता शुल्क मिलाकर ₹4 लाख 83 हजार 595 रुपए की राशि जमा की जानी थी। राशि जमा नहीं होने पर टीम ने गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।


सचिन ट्रेडर्स से मौके पर जमा कराया ₹1.13 लाख शुल्क


इसी तरह मेसर्स सचिन ट्रेडर्स, प्रोपराइटर सचिन जैन के यहां भी स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच में मूंगफली और दाने का करीब ₹13.13 लाख मूल्य का अंतर पाया गया।


कार्रवाई के दौरान व्यापारी से ₹1,13,605 रुपए का शासकीय शुल्क मौके पर ही वसूल किया गया।


कृषि भूमि पर गोदाम संचालन भी मिला


जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों के संबंध में कृषि भूमि पर अनधिकृत रूप से गोदाम संचालित किए जाने की बात भी सामने आई। प्रशासन के अनुसार, इस पर नियमानुसार डायवर्जन (व्यपवर्तन) शुल्क की वसूली की गई है।


ई-अनुज्ञा और मौके के स्टॉक का किया मिलान


संयुक्त टीम ने ई-अनुज्ञा पोर्टल पर दर्ज जानकारी के साथ मौके पर उपलब्ध कृषि जिंसों का मिलान किया। इसी जांच के दौरान स्टॉक में अंतर सामने आया और उसके आधार पर कार्रवाई की गई।


प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कृषि उपज कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि स्टॉक और दस्तावेजों का मिलान कर नियमानुसार आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)