ग्वालियर संभाग बना ओवरऑल चैंपियन, भोपाल ने जीती बालिका क्रिकेट की ट्रॉफी, नेटबॉल के बालक-बालिका वर्ग में ग्वालियर संभाग का दबदबा, विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर किया सम्मानित
शिवपुरी में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय 17 वर्षीय बालिका क्रिकेट और 19 वर्षीय बालक-बालिका नेटबॉल प्रतियोगिता का बुधवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में भोपाल संभाग ने बालिका क्रिकेट का खिताब अपने नाम किया, जबकि नेटबॉल के बालक-बालिका वर्ग में ग्वालियर संभाग विजेता रहा। तीनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन के दम पर ग्वालियर संभाग को प्रतियोगिता का ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया।
समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलते ही खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच खिलाड़ियों ने अपनी जीत का जश्न मनाया।
भोपाल, इंदौर और ग्वालियर ने हासिल किए प्रमुख स्थान -
17 वर्षीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में भोपाल संभाग ने पहला स्थान हासिल कर विजेता ट्रॉफी जीती। इंदौर संभाग उपविजेता रहा, जबकि ग्वालियर संभाग ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, नेटबॉल के बालक और बालिका वर्ग में ग्वालियर संभाग की टीमों ने विजेता बनकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। दोनों वर्गों में प्रदर्शन के आधार पर ग्वालियर संभाग को ओवरऑल चैंपियन की ट्रॉफी प्रदान की गई।
खेलों में समर्पण और अनुशासन जरूरी: राजू बाथम -
समापन समारोह के मुख्य अतिथि शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रयास कर रही है। खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों से गांव-गांव में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजू बाथम ने खिलाड़ियों को समर्पण, अनुशासन, समयनिष्ठा और धैर्य का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि ये गुण केवल खेलों में ही नहीं, बल्कि जीवन में भी सफलता के लिए जरूरी हैं।
विशिष्ट अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शैलजा लवंगीकर ने कहा कि खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना भी विकसित होती है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने स्वागत भाषण दिया। प्रतियोगिता का प्रतिवेदन बीईओ मनोज निगम ने प्रस्तुत किया। इस दौरान नौ संभागों से आए दल प्रबंधकों, स्टेट ऑफिशियल्स और आयोजन समितियों के सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रचार-प्रसार के लिए भगवती प्रसाद शर्मा, नीरज सरैया और राजीव भार्गव को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता हरवीर सिंह रघुवंशी, जिला महामंत्री केपी परमार, सांसद प्रतिनिधि हरिओम राठौर सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। मंच संचालन बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर, हेमलता चौधरी और गिरीश मिश्रा ने किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने आभार व्यक्त किया। अंत में प्रतियोगिता का ध्वज उतारकर परंपरागत रूप से जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया।


