NHAI की लेबर को तेज रफ्तार कार ने रौंदा, पत्नी की मौके पर मौत, पति ने ग्वालियर में तोड़ा दम; 3 बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

Shivpuri First
0


शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में झांसी-शिवपुरी हाईवे पर NHAI के मेंटेनेंस का काम कर रही लेबर को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में रामश्री बंशकार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके पति धर्मेंद्र ने ग्वालियर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में एक अन्य महिला मजदूर भी घायल हुई है। टक्कर के दौरान कंपनी का NHAI मेंटेनेंस वाहन और एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। दंपती अपने पीछे 4 साल का बेटा और 10 व 13 साल की दो बेटियों को छोड़ गए हैं।



सड़क की सफाई कर रहे थे मजदूर, तभी आ गई कार -


घटना 8 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे दिनारा थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर में ऋषभ ढाबे के पास हुई। सिरसौद निवासी बलबीर लोधी ने पुलिस को बताया कि वह झांसी-शिवपुरी हाईवे पर NHAI के मेंटेनेंस और साफ-सफाई के काम में मजदूरी करता है। घटना के समय उसके साथ सुपरवाइजर रमाकांत यादव सहित करीब 10 लोग हाईवे पर काम कर रहे थे।


मजदूर दिनारा से करैरा की ओर जाने वाले हाईवे पर सड़क किनारे सफाई कर रहे थे। इसी दौरान दिनारा की तरफ से आ रही अर्टिगा कार क्रमांक MP04ZT2013 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे काम कर रहे मजदूरों को टक्कर मार दी।


पत्नी की मौके पर मौत, पति ने ग्वालियर में तोड़ा दम -


कार की टक्कर से रामश्री बंशकार (34) की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पति धर्मेंद्र बंशकार के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि सीता देवी नाम की एक अन्य महिला मजदूर भी घायल हो गईं। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए झांसी भेजा गया। धर्मेंद्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया, जहां रात में उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।


NHAI का वाहन और बाइक भी क्षतिग्रस्त -


हादसे के दौरान मौके पर खड़ा कंपनी का महिंद्रा कैंपर वाहन क्रमांक RJ19GD5554 और एक हीरो सीडी डीलक्स बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय गोमा विश्वकर्मा, सुपरवाइजर रमाकांत यादव और अन्य मजदूर मौके पर मौजूद थे। उन्होंने हादसा होते देखा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए करैरा अस्पताल भिजवाया।


तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया -


हादसे ने एक परिवार को उजाड़ दिया। रामश्री और धर्मेंद्र अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। इनमें 4 साल का एक बेटा और 10 व 13 साल की दो बेटियां हैं। माता-पिता दोनों की मौत के बाद तीनों बच्चों के सिर से मां-बाप का साया उठ गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


फरियादी बलबीर लोधी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)