शिवपुरी में 70वीं SGFI राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन:यूपी बना ओवरऑल चैंपियन

Sagar Sharma
0

बंटी शर्मा 👁️:शिवपुरी शहर के श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 12 नवंबर से आयोजित 70वीं एसजीएफआई (SGFI) राष्ट्रीय बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का सोमवार को शानदार समापन हुआ। देशभर के खिलाड़ियों के बीच चले रोमांचक मुकाबलों में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। यूपी ने 62 अंकों के साथ कुल 14 पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा।

उत्तर प्रदेश की टीम ने 8 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य पदक हासिल किए। वहीं तमिलनाडु की टीम 41 अंकों और 11 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। राजस्थान ने दो स्वर्ण सहित पांच पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और चैंपियन टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

पंजाब के मनजोत सिंह बने बेस्ट एथलीट

प्रतियोगिता में पंजाब के मनजोत सिंह ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्हें प्रतियोगिता का 'बेस्ट एथलीट' चुना गया। मनजोत ने बालक वर्ग की 110 मीटर बाधा दौड़ महज 13.721 सेकंड में पूरी कर 1117 अंक हासिल किए।

वहीं मेजबान मध्य प्रदेश की टीम बिहार के साथ संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर रही। दोनों राज्यों की टीमों ने एक-एक स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

400 मीटर रिले में यूपी ने बनाया नया नेशनल रिकॉर्ड

प्रतियोगिता के अंतिम दिन ट्रैक और फील्ड पर खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। 400 मीटर रिले दौड़ में उत्तर प्रदेश की टीम ने 42.19 सेकंड का समय निकालकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया। तमिलनाडु 42.39 सेकंड के साथ दूसरे और केरल 42.51 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

अन्य मुकाबलों में भाला फेंक स्पर्धा में बिहार के आयुष राज ने 68.25 मीटर दूर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता। उत्तर प्रदेश के देव कुमार 62.23 मीटर के साथ दूसरे और सीबीएसई के ब्रह्मदीप 61.90 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

हैमर थ्रो में उत्तर प्रदेश के सुधीर ने 65.45 मीटर का प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल हासिल किया। हाई जंप में तमिलनाडु के शक्ति वेल वीएन ने 2.03 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं 400 मीटर बाधा दौड़ में तमिलनाडु के निखिल धरशन ने 54 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।


अब गुरुवार से बालिका वर्ग का राष्ट्रीय मुकाबला

बालक वर्ग की प्रतियोगिता के सफल समापन के बाद अब शिक्षा विभाग 70वीं राष्ट्रीय बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारियों में जुट गया है। गुरुवार से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर के राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और विभिन्न शैक्षणिक बोर्ड की कुल 37 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें 783 बालिका खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगी।

आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को आयोजन समितियों की बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं मंगलवार शाम से ही देशभर की टीमों के शिवपुरी पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

शिवपुरी में राष्ट्रीय स्तर की इस खेल प्रतियोगिता का सफल आयोजन जिले के लिए गौरव की बात है। अब बालिका वर्ग के मुकाबलों को लेकर भी खेल प्रेमियों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

Shivpuri First | बंटी शर्मा, संपादक

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)