महिलाओं ने शराब लेकर पहुंचे युवक को पकड़ा, रस्सी से बांधा; पेटियों में लगाई आग, VIDEO वायरल

Shivpuri First
0

 


शिवपुरी/करैरा। सागर में शराब पीने से हुई मौतों के बाद अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं के विरोध का असर अब शिवपुरी जिले में भी देखने को मिल रहा है। करैरा थाना क्षेत्र के समोहा गांव में मंगलवार सुबह शराब की पेटियां लेकर पहुंचे दो बाइक सवारों को महिलाओं ने घेर लिया। दोनों ने मौके से निकलने की कोशिश की, लेकिन महिलाओं ने पीछे बैठे एक युवक को पकड़ लिया। इसके बाद शराब की पेटियां सड़क पर रखकर उनमें आग लगा दी गई। पकड़े गए युवक को महिलाओं ने रस्सी से खंभे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे दो युवक बाइक से शराब की पेटियां लेकर समोहा गांव पहुंचे थे। गांव की महिलाओं को इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने दोनों को रोक लिया। महिलाओं ने बाइक पर रखी शराब की पेटियां नीचे उतरवा लीं। इसी दौरान दोनों युवकों ने वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं ने बाइक पर पीछे बैठे एक युवक को पकड़ लिया।


इसके बाद महिलाओं ने शराब की पेटियों को सड़क पर रख दिया और उनमें आग लगा दी। पकड़े गए युवक को रस्सी के सहारे खंभे से बांधकर पुलिस को सूचना दी गई।


पुलिस युवक को थाने ले गई


घटना की सूचना मिलने पर करैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए युवक की पहचान सुरेंद्र राय के रूप में हुई है। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।


महिलाओं का आरोप- गांव में कई जगह बिक रही अवैध शराब


समोहा गांव की महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में तीन स्थानों पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। महिलाओं का कहना है कि कुछ लोग परचून की दुकानों की आड़ में शराब बिक्री कर रहे हैं। उनका आरोप है कि गांव में शराब आसानी से मिलने के कारण इसका असर परिवारों पर पड़ रहा है।


महिलाओं के मुताबिक, गांव से करीब 7 किलोमीटर दूर कराही में लाइसेंसी शराब की दुकान है, लेकिन वहां तक जाने वाला रास्ता भी खराब है। महिलाओं का कहना है कि गांव में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगने से शराब की आसान उपलब्धता कम होगी।


करैरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)