फीस बकाया होने पर छात्रों को परीक्षा से रोका, वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया शिक्षा विभाग; अफसरों ने स्कूल पहुंचकर दिलाया प्रवेश

Sagar Sharma
0


बंटी शर्मा 👁️:खबर शिवपुरी शहर के बैंक कॉलोनी स्थित एमिनेंट पब्लिक स्कूल में फीस बकाया होने के चलते विद्यार्थियों को अर्धवार्षिक परीक्षा में बैठने से रोकने का मामला सामने आया है। स्कूल प्रबंधन पर कक्षा 9वीं से 12वीं तक के कुछ विद्यार्थियों को परीक्षा से वंचित करने और फीस जमा करने का दबाव बनाने के आरोप लगे हैं। गुरुवार को इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने तत्काल स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश दिलाया।

वायरल वीडियो में अभिभावकों ने जताया विरोध

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अभिभावक स्कूल में मौजूद शिक्षिका के सामने बच्चों को परीक्षा में शामिल नहीं करने को लेकर विरोध जताते दिखाई दे रहे हैं। अभिभावकों का आरोप है कि फीस जमा नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को परीक्षा से रोका जा रहा था।

DEO के निर्देश पर स्कूल पहुंची टीम

मामला जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने योजना अधिकारी रोहिणी अवस्थी के नेतृत्व में शिक्षा विभाग की टीम को स्कूल भेजा।

जब टीम स्कूल पहुंची तो वहां स्कूल संचालक और प्राचार्य मौजूद नहीं मिले। वहीं, कुछ विद्यार्थी स्कूल के बाहर खड़े हुए थे। इसके बाद अधिकारियों ने हस्तक्षेप करते हुए विद्यार्थियों को स्कूल के अंदर प्रवेश दिलाया, ताकि वे अपनी अर्धवार्षिक परीक्षा में शामिल हो सकें।

शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच, दर्ज किए बयान

शिक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। संबंधित विद्यार्थियों और अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। अब विभाग मामले की जांच कर रहा है।

फीस बकाया होने के कारण विद्यार्थियों को परीक्षा से रोके जाने का यह मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, अभिभावकों को उम्मीद है कि शिक्षा विभाग की जांच में जिम्मेदारी तय कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

शिवपुरी फर्स्ट | खबर वही, जो जरूरी है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)