बंटी शर्मा👁️:खबर शिवपुरी के श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने मेडिकल कॉलेज के जनरल मेडिसिन विभाग में विभागाध्यक्ष (HOD) के पद पर सह-प्राध्यापक डॉ. रीतेश यादव की नियुक्ति को निरस्त कर दिया है। कोर्ट ने 8 अक्टूबर 2026 को जारी नियुक्ति आदेश रद्द करते हुए डॉ. यादव को तत्काल प्रभाव से HOD के रूप में कार्य करने से रोकने के निर्देश दिए हैं।
मामले के अनुसार, मेडिकल कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रीति निगोटिया ने डॉ. यादव की नियुक्ति को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। याचिका में चिकित्सा शिक्षा विभाग के 5 अगस्त 2023 के सर्कुलर के क्लॉज-3 का हवाला दिया गया था। इसमें प्रावधान है कि डीन की ओर से प्रतिकूल टिप्पणी किए जाने पर संबंधित डॉक्टर विभागाध्यक्ष बनने के लिए अयोग्य हो सकता है।
मरीज की मौत के मामले में गंभीर लापरवाही का आरोप
दरअसल, अगस्त 2026 में एक मरीज की मौत के मामले में डॉ. रीतेश यादव पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मृतक के बेटे ने आरोप लगाया था कि ड्यूटी के दौरान डॉक्टर ने गंभीर मरीज को समय पर नहीं देखा और बिना हस्ताक्षर किए उसे रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप था कि समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण मरीज की मौत हुई।
मामले की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति ने डॉ. यादव को दोषी पाया था। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के डीन ने 17 अगस्त 2026 को कार्य में गंभीर लापरवाही को लेकर उन्हें चेतावनी जारी की थी।
सिंगल बेंच का फैसला भी पलटा
इससे पहले 13 अक्टूबर 2026 को हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने याचिका खारिज कर दी थी। सिंगल बेंच का मानना था कि डीन की चेतावनी को सजा की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता। इसके बाद डॉ. प्रीति निगोटिया ने डिवीजन बेंच में रिट अपील दायर की। सुनवाई के बाद डिवीजन बेंच ने सिंगल बेंच के फैसले को पलटते हुए नियुक्ति आदेश निरस्त कर दिया।
हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी
डिवीजन बेंच ने स्पष्ट टिप्पणी की कि मरीज की जान बचाने के लिए समय पर और ईमानदारी से इलाज करना डॉक्टर का परम कर्तव्य है। डॉक्टर की लापरवाही के कारण किसी मरीज की जान जाना बेहद गंभीर विषय है। ऐसे मामले में डीन की ओर से प्रतिकूल टिप्पणी और चेतावनी जारी होने के बावजूद संबंधित डॉक्टर को विभागाध्यक्ष नियुक्त करना नियमों के विपरीत है।
हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के जनरल मेडिसिन विभाग में HOD की नियुक्ति को लेकर नया घटनाक्रम सामने आया है। यह फैसला चिकित्सा संस्थानों में जवाबदेही और मरीजों के उपचार में डॉक्टरों की जिम्मेदारी को लेकर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।