कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी – बोले, ‘हम लूट डकैती करने नहीं, न्याय की लड़ाई लड़ने जा रहे हैं’
सागर शर्मा,शिवपुरी ।। अशोकनगर में आयोजित कांग्रेस के न्याय सत्याग्रह में शामिल होने जा रहे पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह और शिवपुरी जिले के प्रभारी एवं जौरा विधायक पंकज उपाध्याय के काफिले को मंगलवार को शिवपुरी-अशोकनगर बॉर्डर पर इंदार थाना पुलिस द्वारा रोका गया। पुलिस की इस कार्रवाई से कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क उठे और मौके पर ही पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई।
बताया गया कि दोनों विधायक अपने दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ अशोकनगर में आयोजित कांग्रेस के न्याय सत्याग्रह में भाग लेने जा रहे थे। तभी इंदार थाना क्षेत्र में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उनके वाहनों को रोकने की कोशिश की। इससे मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।
विधायकों के साथ मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा - “हम न्याय की लड़ाई लड़ने जा रहे हैं, कोई लूट डकैती करने नहीं। जब पूरे क्षेत्र में अवैध शराब धड़ल्ले से जा रही है, तब पुलिस को दिखाई नहीं देता। लेकिन जब कांग्रेस जनता की आवाज उठाने जा रही है, तब लोकतांत्रिक तरीके से रोककर परेशान किया जा रहा है।”
वहीं विधायक कैलाश कुशवाह और पंकज उपाध्याय ने भी पुलिस की कार्रवाई को अनावश्यक बताया और कहा कि यह विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह शांतिपूर्ण सत्याग्रह है, और कार्यकर्ताओं को रोकना पूरी तरह लोकतंत्र के खिलाफ है।
उल्लेखनीय है कि अशोकनगर में कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर मुंगावली थाने में दर्ज एफआईआर को फर्जी बताते हुए “न्याय सत्याग्रह” का आयोजन किया है। इसमें कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह, जयवर्धन सिंह, उमंग सिंघार समेत हजारों कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। इसी सत्याग्रह में भाग लेने शिवपुरी जिले से भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पहुंचे।