सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के काेलारस क्षेत्र में आई बाढ़ के दौरान करीब 30 गांवों के लाेग प्रभावित हुए थे। कई लोग घर से बेघर हो गए तो कुछ लोगों के खेतों की फसलें उजड़ गईं। इसी क्रम में विगत दिवस मुख्यमंत्री डा मोहन यादव व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण किया और आहत ग्रामीणों को राहत का भरोसा दिलाया था। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने अपने वादे को पूरा करते हुए जिले भर के 1 हजार 209 बाढ़ प्रभावित लोगों के खातों में 1 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि सिंगल क्लिक में हस्तांतरित की है। इस मौके पर शिवपुरी के एनआईसी कक्ष में विधायक कोलारस महेंद्र यादव, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, एडीएम दिनेश चंद्र शुक्ला, एसडीएम, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित जिले के आपदा पीडित हितग्राही भी उपस्थित थे।
ऐसी बाढ़ कभी नहीं आई, शसन ने मदद कीमुख्यमंत्री डा यादव ने शिवपुरी के बाढ़ प्रभावितों से वर्चुअली चर्चा की। उन्होंने प्रभावितों से बाढ़ के दौरान प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की जानकारी ली। शिवपुरी के भागचंद और अन्य जिले के बाढ़ प्रभावितों ने बताया कि इस वर्षाकाल में जैसी बाढ़ आयी, वैसी पहले कभी नहीं आयी थी। प्रशासन के द्वारा बाढ़ के दौरान हम प्रभावित परिवारों को कैम्प लगाकर रहने की व्यवस्था के साथ भोजन आदि की व्यवस्था भी की गई। इस पर मुख्यमंत्री डा यादव ने कहा कि यह हमारे संस्कार ही हैं कि कष्ट की इस घड़ी में भी ग्रामीणजन अपनी बात विनम्रता के साथ कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून काल में अब तक 37 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है, जिससे प्रदेश के कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी। मुख्यमंत्री डा यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान मिले अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि शिवपुरी में दो व्यक्ति बाढ़ में 36 घंटे घिरे रहे और उन्हें प्रशासन ने बाढ़ से बाहर निकाला। इन व्यक्तियों का कहना था कि वे प्रशासन के प्रयासों से ही से बाढ़ से बाहर निकल सकें।
किन आहतों को कितनी राहत-
20 जनहानि में हितग्राहियों को 80 लाख रुपए।
-18 पशु हानि के प्रकरणों में 5 लाख 55 हजार रुपए।
-मकान क्षति, कपड़ा, बर्तन, खाद्यान्न क्षति के 1171 प्रकरणों में 75 लाख 33 हजार 100 रूपए।
-कुल 1209 हितग्राहियों को 1 करोड़ 60 लाख 88 हजार 100 की राहत राशि का अंतरण किया गया।