13.50 लाख के विवाद में भांजों ने मामा-मामी को बंधक बनायाः दंपति से मारपीट कर वीडियो बनाया, भांजे ने लिया था कर्ज

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र के बेरखेड़ा गांव के किसान राजेंद्र सिंह रावत ने करैरा थाने में अपने भांजों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में आरोप लगाए हैं कि उनके दो भांजे रमन कुमार रावत और राहुल रावत ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें और पत्नी को बंधक बनाया। धमकाकर एक वीडियो भी बनाया, इस वीडियो में उनसे जबरन कहलवाया कि उनका कोई लेन-देन नहीं बचा है।

भांजे को दिया था कर्ज, 

पैसे मांगने पर अगवा किया राजेन्द्र ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने भांजे रमन कुमार रावत को शादी करने और मकान बनाने के लिए करीब 13 लाख 50 हजार रुपए उधार दिए थे। इस राशि को लेकर विवाद बढ़ा और उन्होंने कोर्ट में चेक बाउंस का केस भी दायर कर रखा है। इसी रंजिश में भांजे और उसके सहयोगियों ने उनके साथ घटना को अंजाम दिया।।

खेत से उठा ले गए,

 डेरे पर बंधक बनाकर पीटा 30 अगस्त को फरियादी राजेंद्र सिंह कुएं पर गए थे। तभी उनके भांजे रमन कुमार रावत, राहुल रावत और उनके साथी अजमेर सिंह रावत, लोकेन्द्र रावत वहां पहुंचे। आरोपियों ने उन्हें जबरन बाइक पर बैठाकर रतनवाले खेत पर ले गए और उनकी मारपीट की।

इसके बाद आरोपियों ने राजेंद्र की पत्नी पिस्ता रावत को भी खेत पर बुलवा लिया। वहां राजेंद्र और उनकी पत्नी दोनों को धमकाया गया। जब दंपत्ति ने कहा कि पंचायत तो रमन ने ही तुड़वा दी थी, तभी आरोपियों ने दोनों को बंधक बना लिया।

वीडियो बनाकर कहलवाया कि पैसा नहीं लेना राजेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपियों ने वहां पर उनकी और उनकी पत्नी की बेरहमी से मारपीट की और मोबाइल से वीडियो बनाते हुए उनसे जबरन कहलवाया कि उनका कोई लेन-देन नहीं है और जो चेक कोर्ट में लगाए हैं वह गलत हैं। डर के कारण उन्होंने वैसा ही बोला, जैसा आरोपियों ने कहा।

1 सितंबर को आरोपियों ने उन्हें दतिया ले जाकर उनके मोबाइल से पंचों को फोन लगवाया। इसमें द्वारिका प्रसाद यादव निवासी खोहा, कप्तान रावत निवासी बेरखेड़ा, उदयभान रावत निवासी सुनारी और रंजीत यादव निवासी दतिया पहुंचे। पंचों के सामने पंचायत हुई और उसके बाद मामा-मामी को छोड़ दिया गया।

जान से मारने की धमकी दी

राजेंद्र सिंह का कहना है कि जाते समय रमन रावत ने धमकी दी कि अगर उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई तो पूरे परिवार को खत्म कर देगा। इस डर से वे कुछ दिनों तक रिपोर्ट लिखाने नहीं आए, लेकिन आखिरकार साहस जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने जांच शुरू की

करैरा थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर दो भांजों रमन कुमार रावत, राहुल रावत और उनके साथियों अजमेर सिंह व लोकेन्द्र रावत के खिलाफ धारा 127(2), 115(2), 351(3), 3 (5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)