सागर शर्मा शिवपुरी शिवपुरी में 14 साल की एक लड़की का शव उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक कुएं में मिला है। उसके पैर बंधे थे। शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। लड़की दो दिन से लापता थी।
परिजन ने अपहरण के बाद हत्या का आरोप लगाया और शव को लेकर थाने पर पहुंच गए। गुस्साए परिजन ने चक्काजाम कर दिया और पुलिस के रवैये को लेकर नाराजगी जताई है। करीब 4 घंटे चले प्रदर्शन के बाद मामला शांत हुआ।
ये मामला सोमवार को जिले के भौंती थाना क्षेत्र के तिंधारी गांव का है। मृतक नाबालिग का नाम शिवानी लोधी था। वह 13 सितंबर की शाम से घर से लापता थी। परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे थे। सोमवार उसका शव गांव के बाहर बने एक कुएं में उतराता मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू की।
लड़की का शव उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक कुएं में मिला है।
गांव के दो लोगों पर हत्या का आरोप
शिवानी के पिता राम अवतार लोधी का कहना है कि बेटी का 13 सितंबर की शाम को अपहरण हुआ था, जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सिरसौना गांव के दो युवकों ने ही शिवानी की हत्या कर शव को कुएं में फेंका। यदि पुलिस समय पर आरोपियों को पकड़ती तो उनकी बेटी की जान बच सकती थी।
पुलिस ने कहा- हर एंगल पर की जा रही जांच फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। सभी पहलुओं पर गहन जांच की जाएगी।