शिवपुरी में भाईसाहब जाटव हत्या मामले में नया मोड़ः एफआईआर में तीन और नाम जोड़ने की मांग; पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में सलैया डामरौन गांव में 10 सितंबर की रात हुई युवक भाईसाहब जाटव (35) की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। शनिवार को मृतक के परिजन शिवपुरी एसपी ऑफिस पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने एफआईआर में तीन और नाम जोड़ने की अर्जी दी। इस घटना की पृष्ठभूमि में मृतक और आरोपी पक्ष के बीच पुराना विवाद उजागर हुआ है।

बताया गया कि पूर्व में मृतक ने आरोपी पक्ष के पिता से मारपीट की थी, जिसके चलते हत्या की घटना हुई। परिजन आरोपियों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल केवल चार लोगों रामनिवास पाल, चंदन पाल, प्रतिपाल और दीपक पाल पर एफआईआर दर्ज है, जबकि राकेश पाल, पवन पाल और भगवत पाल भी हत्या में शामिल थे।

उनका कहना है कि आरोपी पक्ष लगातार उन्हें धमका रहा है और पुलिस उनकी सुरक्षा नहीं कर पा रही। परिजनों ने एक वीडियो का हवाला देते हुए पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया। वीडियो में एक पुलिसकर्मी पशुओं के लिए चारा डालते दिख रहे हैं, जिसे लेकर परिजनों ने सवाल उठाए और कहा कि पुलिस आरोपी पक्ष को संरक्षण दे रही है।

इस मामले में दिनारा थाना प्रभारी अमित चतुर्वेदी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी और दो आरोपी हिरासत में लिए गए हैं। बाकी आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। शुक्रवार को पुलिस ने गांव में दबिश दी, लेकिन घरों में ताले लगे पाए गए। बाहर बंधे मवेशी भूख-प्यास से परेशान थे, इसलिए पुलिस ने मानवता के नाते उनका चारा बाहर रख दिया ताकि जानवरों को नुकसान न पहुंचे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)