छह महीने पहले हुई थी बेटी की शादी
ममता शाक्य ने बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी अपीशा की शादी छह महीने पहले आकाश शाक्य (निवासी लालमाटी) से हुई थी। लेकिन 8 सितंबर 2025 को अपीशा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह फांसी पर लटकी मिली।
परिजनों का आरोप है कि अपीशा को पति और ससुराल वाले लगातार परेशान करते थे, जिससे तंग आकर उसने जान दे दी। उनका यह भी कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित हत्या है।
ममता शाक्य ने अपनी बेटी की मौत के मामले में ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
धमकियों से सहमा हुआ है परिवार
परिवार ने बताया कि बेटी की मौत के बाद भी आकाश शाक्य और उसके रिश्तेदार उन्हें धमका रहे हैं। ममता शाक्य ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें धमकाते हुए कहा- "अब तुम्हारी बेटी तो मर गई, अब तुम्हारे बेटों भूपेंद्र और संग्राम को भी खत्म कर देंगे। उसके बाद जेल चले जाएंगे।"
इससे परिवार डरा हुआ है और सामान्य जीवन जीना मुश्किल हो गया है।
पति अस्पताल से छोड़कर भाग गया
परिजनों ने बताया कि बेटी की मौत के बाद उसका पति आकाश, उसे अस्पताल में छोड़कर भाग गया। इससे साफ है कि वह किसी गड़बड़ी को छिपाना चाहता था। उन्होंने कहा कि इस पूरी घटना को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की जा रही है, जबकि असल में यह हत्या है।
एसपी से की कार्रवाई की मांग
ममता शाक्य ने एसपी से निवेदन किया कि आकाश शाक्य और उसके सहयोगियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जाए और उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए, ताकि बेटी को न्याय मिल सके।