सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में शुक्रवार शाम एक महिला को गोली लग गई। घायल महिला सरपंच अतर सिंह परिहार के परिवार की है। उन्हें करैरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना शाम साढ़े 4 बजे की है। रामहेत परिहार अपने परिजनों महाराज सिंह परिहार और रामसिंह परिहार के साथ घर के बाहर चबूतरे पर बैठे थे। इसी दौरान गांव का गुड्डू उर्फ नाहर सिंह गौतम अपने एक साथी के साथ वहां आया और गाली-गलौज करने लगा।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कट्टे से फायर कर दिया
शोर सुनकर रामहेत की मां पुष्पा परिहार बाहर आईं। विवाद बढ़ने पर आरोपी गुड्डू ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली पुष्पा परिहार के पेट में लगी। उन्हें तुरंत करैरा अस्पताल ले जाया गया।
तीन महीने पहले भी चलाई थी गोलियां
सरपंच और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। तीन महीने पहले भी आरोपियों ने गोलियां चलाकर दहशत फैलाई थी। तब पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया था।
भारतीय न्याय संहिता और एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू
रामहेत परिहार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। करैरा थाना पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता और एससी-एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।