शिवपुरी कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई, ग्रामीणों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग:सरकारी कुएं पर कब्जा, नकली बीज से फसल बर्बाद

Nikk Pandit
0
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष कई गंभीर शिकायतें प्रस्तुत कीं। इनमें सरकारी कुएं पर अवैध कब्जे, नकली बीज से फसल बर्बादी और संविदा प्रेरकों की सेवा समाप्ति जैसे प्रमुख मुद्दे शामिल थे।

नरवर तहसील के भैंसा ग्राम पंचायत के तिवारी मोहल्ले के ग्रामीणों ने शिकायत की कि रोजगार सहायक बृजेश तिवारी ने वर्ष 2011 में मोहल्ले के सरकारी कुएं को बंद कर उस पर अवैध रूप से मकान बना लिया है। ग्रामीणों के अनुसार, यह कुआं पहले गांववासियों और पशुओं के लिए पानी का मुख्य स्रोत था, जिसके कब्जे में जाने से अब पेयजल संकट हो गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कब्जा हटवाने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

इसी दौरान, जिलेभर के साक्षरता संविदा प्रेरकों ने भी अपनी सेवाएं बिना किसी पूर्व सूचना के समाप्त किए जाने का विरोध करते हुए आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि वे वर्ष 2012-13 से साक्षर भारत मिशन के तहत नियुक्त थे और छह वर्षों तक विभिन्न योजनाओं को सफल बनाने में कार्यरत रहे, लेकिन वर्ष 2018 में उन्हें सेवा से पृथक कर दिया गया। प्रेरकों ने नवभारत साक्षरता कार्यक्रम "उल्लास" में पुनः नियुक्ति की मांग की है।

वहीं, नरवर क्षेत्र के किसानों ने "गरिमा ट्रेडर्स कुशवाह खाद एवं बीज भंडार" के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। किसानों का आरोप है कि उन्होंने इस दुकान से धान का बीज और कीटनाशक दवाइयां खरीदी थीं, लेकिन बीज नकली निकले, जिससे फसल में दाने नहीं आए और उन्हें लगभग चार लाख रुपए की आर्थिक क्षति हुई। किसानों ने दुकानदार पर धमकी देने का भी आरोप लगाया और दुकान की जांच कर मुआवजे की मांग की।

जनसुनवाई के उपरांत कलेक्टर ने संबंधित विभागों को इन सभी शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)