सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक आयशर ट्रक में आग लग गई। चिरौली गांव के पास पिछोर-दिनारा रोड पर हुई इस घटना में ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि, चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, डबरा निवासी ट्रक मालिक और चालक हाकिम सिंह भोपाल से खाली ट्रक लेकर अपने घर डबरा लौट रहे थे। रात करीब 3 बजे चिरौली गांव के पास अचानक ट्रक की लाइट बंद हो गई। जब चालक नीचे उतरा, तो उसने ट्रक के अगले हिस्से से धुआं उठते देखा, और कुछ ही सेकंड में आग की लपटें तेज हो गईं।
चालक ने कूदकर बचाई जान
चालक हाकिम सिंह ने तुरंत डायल 112 पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक आग इतनी फैल चुकी थी कि ट्रक पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही दिनारा थाना प्रभारी रामेन्द्र सिंह चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।