ड्रेसर हाथ में कट्टा लिए सीसीटीवी में कैद हो गया।
सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले के कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार शाम हड़कंप मच गया। वेतन न मिलने से नाराज एक ड्रेसर कट्टा लेकर बीएमओ के केबिन में घुस गया और उन्हें धमकाया। आरोपी करीब आधे घंटे तक अस्पताल परिसर में घूमकर दहशत फैलाता रहा। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
सीएमएचओ का कहना है कि ड्यूटी से गायब रहने के कारण ड्रेसर की सैलरी रोक दी गई है। जानकारी के अनुसार, लुकवासा स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ ड्रेसर मनीष नाजगढ़ पिछले 12 महीनों से वेतन न मिलने से परेशान था। बुधवार शाम करीब 4 बजे वह कट्टा और जिंदा राउंड लेकर बीएमओ डॉ. संजय राठौर के केबिन में पहुंचा। बीएमओ के मुताबिक, आरोपी ने केबिन में ही राउंड लोड किया और वेतन न मिलने की बात कहते हुए धमकी दी। इसके बाद वह अस्पताल परिसर में घूमकर स्टाफ को भी डराने लगा।
तस्वीरों में देखें पूरा घटनाक्रम...
ड्रेसर अस्पताल परिसर में पहुंचा और वहां मौजूद लोगों से बात करने लगा।
बातचीत के दौरान गुस्से में उसने कट्टा निकाल लिया और लहराने लगा।
सीएमएचओ ने निलंबित कर दिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बीएमओ डॉ. संजय राठौर की शिकायत पर कोलारस थाना पुलिस ने ड्रेसर मनीष नाजगढ़ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। डॉ. राठौर ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को दी है।
सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिभर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही ड्रेसर मनीष नाजगढ़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसे अब खानियाधाना स्वास्थ्य केंद्र में अटैच किया गया है। मनीष नाजगढ़ का तीन महीने का वेतन उसके बिना सूचना ड्यूटी से गायब रहने के कारण रोका गया था। अगस्त-सितंबर का वेतन हाल ही में जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि घटना को गंभीरता से लेते हुए उसे निलंबित किया गया है।
शराब पीते हुए वीडियो वायरल हुआ था
यह भी बताया गया है कि ड्रेसर मनीष नाजगढ़ पिछले साल भी उस समय सुर्खियों में आया था, जब ड्यूटी के दौरान शराब पीते हुए उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। तब भी उसे निलंबित किया गया था।
पहले भी ड्रेसर का ड्यूटी के दौरान शराब पीते हुए वीडियो सामने आया था।