शिवपुरी के फिजिकल क्षेत्र में अभियान चलाकर 15 गोवंश पकड़े:आंगनवाड़ी सहायिका पर हमले के बाद हरकत में आई नगरपालिका

Nikk Pandit
0

सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र में दो दिनों के भीतर आवारा मवेशियों के हमलों की लगातार हुई घटनाओं ने स्थानीय लोगों में दहशत बढ़ा दी है। गुरुवार सुबह आंगनवाड़ी सहायिका आशा सक्सेना पर गाय ने अचानक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके कुछ घंटे बाद ही उसी इलाके में एक अन्य महिला बसंती भी मवेशियों की हरकत से घबराकर गिरने से घायल हो गई।

हालात बिगड़ते देख नगर पालिका प्रशासन शुक्रवार सुबह से सक्रिय हो गया और बेसहारा गोवंश को पकड़ने का अभियान तेज कर दिया। नगर पालिका की टीम ने साइंस कॉलेज रोड और आसपास के क्षेत्रों में मवेशियों को काऊ कैचर की मदद से पकड़कर लुधावली स्थित गोशाला भेजना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक 15 गोवंश को शिफ्ट किया जा चुका है और अभियान लगातार चल रहा है।

कचरा फेंकने निकली थीं सहायिका

गुरुवार सुबह हुई पहली घटना में आशा सक्सेना अपने घर के पास कचरा फेंकने के लिए बाहर निकली थीं। कचरे के ढेर पर पहले से मौजूद एक गाय ने उन पर हमला कर दिया। उसने आशा को सिंग से उठा कर पटक दिया, जिससे उनके पेट में गंभीर चोट आई। मेडिकल कॉलेज में सर्जरी कर 40 टांके लगाए गए हैं और उनकी हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।

शुक्रवार को भी घटना स्थल पर बड़ी संख्या में मवेशियों का जमावड़ा देखा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां नगरपालिका द्वारा कचरा अस्थायी रूप से डंप किया जाता है, जिस कारण रोजाना मवेशी बड़ी संख्या में इकट्ठा हो जाते हैं और खतरा बढ़ जाता है। रहवासियों के अनुसार जब तक इस अस्थायी डंपिंग व्यवस्था को हटाया नहीं जाता, दुर्घटनाएं रुकना मुश्किल है।

कलेक्टर पहले भी कार्रवाई के निर्देश दे चुके

स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी पहले ही आवारा गोवंश को गोशाला भेजने के निर्देश दे चुके हैं, लेकिन कार्रवाई प्रभावी नहीं होने से हादसे बढ़ते जा रहे हैं। अब जब दो घटनाएं लगातार हुईं, तब जाकर नगर पालिका ने अभियान तेज किया है। पशु प्रभारी छोटे लाल बाथम ने बताया कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा फिजिकल क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए सभी बेसहारा मवेशियों को हटाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)