सागर शर्मा शिवपुरी : खबर शिवपुरी में एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसके पति ने उसे और उसके पांच बच्चों को घर से निकाल दिया है। नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम गोपलिया निवासी आदिवासी महिला नीम बाई मोगिया ने शुक्रवार को इस संबंध में शिवपुरी पुलिस अधीक्षक के नाम आवेदन दिया है।
नीम बाई ने अपने आवेदन में बताया कि उसका विवाह लगभग 20-25 वर्ष पूर्व तारा सिंह मोगिया से हुआ था और उनके पांच नाबालिग बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि उसके पति के करई पाटक क्षेत्र की एक अन्य महिला से अवैध संबंध हैं। देव उठनी ग्यारस के दिन पति उस महिला को घर ले आया और आठ दिन पहले नीम बाई को उसके पांचों बच्चों सहित मारपीट कर घर से निकाल दिया।
पीड़िता ने यह भी बताया कि वह अपनी कमाई से खरीदी गई बाइक भी साथ नहीं ला सकी, जिसे छीन लिया गया था। वर्तमान में वह अपने मायके ग्राम नौनेटा में रह रही है। महिला के अनुसार, आरोपी महिला, उसका भाई, भाभी और पति मिलकर उसे धमकी दे रहे हैं कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो उसे बच्चों सहित जान से मार दिया जाएगा।
नीम बाई का कहना है कि आरोपी महिला और उसके सहयोगी उसके पति पर भी दबाव बना रहे हैं कि वह उनकी बात माने, अन्यथा उसकी पत्नी और बच्चों को मार दिया जाएगा। इस स्थिति में महिला और उसके पांचों बच्चों का भविष्य असुरक्षित हो गया है।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि यदि उसका पति उसे साथ रखने को तैयार नहीं है, तो उसे और उसके बच्चों के जीवनयापन के लिए प्रतिमाह 60 हजार रुपए की भरण-पोषण राशि दिलाई जाए। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की भी मांग की है, ताकि उसे और उसके बच्चों को सुरक्षा मिल सके और न्याय मिल पाए।