सागर शर्मा शिवपुरी: खबर बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की जीत के बाद शिवपुरी जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। शहर के माधव चौक, कोलारस और रन्नौद बस स्टैंड पर कार्यकर्ताओं ने डीजे की धुन पर नृत्य किया, आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी व्यक्त की। कार्यकर्ताओं ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन पर बिहार की जनता के विश्वास की मुहर बताया।
जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार की जनता ने जातिवाद, जंगलराज और अराजकता की राजनीति को अस्वीकार कर दिया है। उन्होंने इस जनादेश को एक सुरक्षित, विकसित और प्रगतिशील बिहार के सपने की जीत बताया।
नेताओं ने यह भी कहा कि जनता ने परिवारवाद, भ्रष्टाचार और नकारात्मक राजनीति के 'लालटेन युग' को समाप्त करने का स्पष्ट संदेश दिया है। इस जनादेश ने विकसित बिहार और विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत किया है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस जीत से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर गया है और अब विकास की राजनीति को और गति मिलेगी।