सागर शर्मा शिवपुरी:खबर शिवपुरी जिले में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत शिवपुरी जिले से 279 तीर्थ यात्रियों को लेकर स्पेशल ट्रेन बुधवार सुबह मां कामाख्या देवी, गुवाहाटी (असम) के लिए रवाना हुई। यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए दो डॉक्टर, 6 अनुरक्षक और 5 पुलिसकर्मी (जिनमें दो महिला पुलिसकर्मी शामिल थीं) भी साथ गए।
इन यात्रियों का चयन जिले की 8 जनपद पंचायतों और 11 नगरीय निकायों से ऑनलाइन कंप्यूटरीकृत लॉटरी सिस्टम के जरिए किया गया था। प्रस्थान से पूर्व सभी तीर्थ यात्रियों को स्वागत किट और नाश्ते के पैकेट वितरित किए गए। निर्धारित समय पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
ट्रेन को रवाना करते समय जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती और नगर पालिका परिषद शिवपुरी की अध्यक्ष गायत्री शर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
इस तीर्थ यात्रा के दौरान पेयजल, चाय, नाश्ता, भोजन और ठहरने की संपूर्ण व्यवस्था रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी कर रही है। गंतव्य स्थान पर स्थानीय भ्रमण की सुविधा भी आईआरसीटीसी निःशुल्क उपलब्ध कारएगा।
यह विशेष तीर्थ यात्रा 8 दिसंबर को शिवपुरी वापस लौटेगी। जिला अधिकारियों ने बताया कि वापसी पर सभी तीर्थ यात्रियों का रेलवे स्टेशन पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा।