शिवपुरी में शराब को लेकर हुए विवाद में मौत:छोटे भाई ने बड़े भाई की पीट-पीटकर की हत्या

Nikk Pandit
0

शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के रायचंदखेड़ी गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां छोटे भाई संतोष जाटव ने अपने बड़े भाई ब्रज जाटव की खटिया के बेंत से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।

जानकारी के अनुसार, 34 वर्षीय ब्रज जाटव शिवपुरी शहर में टेंट हाउस पर मजदूरी करता था और छुट्टी मिलने पर गांव आता था। शनिवार शाम को वह शराब पीकर अपने घर पहुंचा। घर पर मौजूद उसके 30 वर्षीय छोटे भाई संतोष जाटव से शराब पीने को लेकर उसका विवाद हो गया। संतोष ने ब्रज से शराब की बजाय घर का सामान लाने की बात कही। बताया गया है कि संतोष की मानसिक स्थिति कमजोर थी।

इसी बहस के दौरान संतोष का गुस्सा भड़क उठा। उसने घर में रखी खटिया का बेंत उठाया और ब्रज जाटव की छाती पर कई बार वार किए। इन वारों से ब्रज गंभीर रूप से घायल हो गया।

ब्रज जाटव के भाई मोहन सिंह जाटव के मुताबिक, जब यह झगड़ा हुआ तब घर में कोई नहीं था, वह मजदूरी करने गए हुए थे। सूचना मिलने पर मोहन सिंह घर पहुंचे और ब्रज जाटव को तुरंत जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने ब्रज को मृत घोषित कर दिया। मोहन सिंह ने बताया कि ब्रज और संतोष दोनों अविवाहित थे। ब्रज 10 दिन बाद गांव लौटा था और अपने साथ सब्जी, फल व अन्य सामान भी लाया था।

विवाद के बाद संतोष ने ब्रज की हत्या कर दी और घर में ही बैठा रहा। बाद में पुलिस उसे पकड़कर अपने साथ ले गई। सिरसौद थाना प्रभारी मुकेश दुबौलिया ने बताया कि पुलिस ने आरोपी संतोष जाटव के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)