पानी की दिक्कत वाले क्षेत्र करें चिन्हित, हर घर तक पहुंचे पानी: कलेक्टर बोले, गुणवत्ता के साथ समय पर पूरी करें जलापूर्ति योजना जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक संपन्न

Nikk Pandit
0
  फोटो-समीक्षा बैठक को संबोधित करते कलेक्टर

सागर शर्मा शिवपुरी:कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने शुक्रवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की। उक्त बैठक में उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की कार्य प्रगति की बारी-बारी समीक्षा कर समयबद्ध तरीके से योजनाओं के क्रियान्वयन व संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उनका कहना था कि अधिकारी तीव्र गति से काम करें और प्रयास करें कि ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक पानी पहुंचे, इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे स्थानों को चिन्हित करें, जहां पानी की सबसे ज्यादा दिक्कत आती है।

उनका कहना था कि शासन से सही समय पर हैंडपंप की मांग की जाए, जिससे ग्रामीण अंचलों में पानी की परेशानी न आए। अधिकारी इस बात का ध्यान रखें कि नल-जल योजना बिजली के कारण प्रभावित न हो। जलापूर्ति योजनाओं की समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने व जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उन्होंने पेयजल समस्या के निराकरण और जल जीवन मिशन के तहत योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में विधायक पोहरी कैलाश कुशवाह, जिला पंचायत की अध्यक्ष नेहा यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज, समिति के सदस्य, पीएचई विभाग के कार्यपालन यंत्री एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

59 गांवों में 15 फरवरी तक पहुंचेगा पानी

पीएचई ईई शुभम अग्रवाल द्वारा अवगत कराया गया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत कुल स्वीकृत 1262 योजनाओं में से 536 योजनाओं का कार्य भौतिक रूप से पूर्ण कर एकल नल जल योजना में ग्राउंड वाटर दिया जा रहा है, जबकि शेष योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उनके अनुसार 307 गांवों में जल निगम के द्वारा वाटर दिए जाने की कार्रवाई की जा रही है। एक ग्राम योजना के तहत जिले के 59 गांवों में लगभग 15 फरवरी तक पूरी तरह से जल पहुंचाया जाएगा।

इंटेकवेल का काम पूरा, ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचा पानीजल निगम के अधिकारी ने बताया कि मड़ीखेड़ा समूह जल प्रदाय योजना में शेष रहा इंटेकबेल का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। पानी ट्रीटमेंट प्लांट तक आ गया है, टेस्टिंग करना अभी शेष है। इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि, ट्रीटमेंट प्लांट से टेस्टिंग के दौरान जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए।

उन्होंने बसई-2 समूह जल प्रदाय योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि इंटेकवेल का कार्य हो चुका है, ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य पूर्ण कर टेस्टिंग करना है। महुअर समूह योजना की समीक्षा के दौरान बताया कि 75 प्रतिशत ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष कार्य मार्च तक पूर्ण हो जाएगा और इन योजनाओं से जल्द से जल्द संबंधित गांवों को पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)