सागर शर्मा शिवपुरी।छर्च थानांतर्गत ग्राम महदेवा में तीन दिन पहले गांव के कुछ लोगों ने एक बटाई की जमीन को लेकर चल रहे विवाद के चलते एक ग्रामीण का अपहरण कर लिया। पुलिस ने इस मामले में अपहरण की शिकायत के बावजूद सिर्फ गुमशुदगी दर्ज की है। इसी के चलते शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक काे भी मामले की शिकायत दर्ज करवाई गई है।
छर्च थाने के ग्राम महदेवा निवासी राजेंद्र कुशवाह के अनुसार मंगलवार की रात 8 बजे आरोपी स्वामीलाल कुशवाह, बृजमोहन, दिनेश व देवेंद्र कुशवाह पुत्रगण लोहरे कुशवाह, हरिचरण कुशवाह, दिनेश कुशवाह व दुर्गेश कुशवाह पुत्रगण प्रेमराज कुशवाह निवासी महदेवा तथा शिवराज यादव, हेमंत यादव पुत्रगण देव सिंह, वीरन कुशवाह व उदल कुशवाह निवासी मानपुर ने गांव में आकर उसको पकड़ लिया।
आरोपितों ने इसके बाद उसके पिता नक्टू कुशवाह को फोन से बुलवा कर पिता के साथ अनिल राठौड़ की खेती करने पर जमकर मारपीट की। इसके बाद उसके छोटे भाई, मां व पत्नी के सामने धमकी देते हुए जबरन अगवा कर ले गए। राजेंद्र के अनुसार इसके बाद उसके पिता का कोई पता नहीं है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने सिर्फ गुमशुदगी कायमी कर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली। पीड़ित पुत्र ने एसपी से पिता को आरोपियों के चंगुल से मुक्त करवा कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इनका कहना है
गांव में कुशवाह, राठौर व यादवों के बीच में जमीन को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा है। कई एफआईआर भी दर्ज हो चुकी हैं। ऐसे में इस मामले में फिलहाल गुमशुदगी कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी तथ्य आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आनंद राय
एसडीओपी पोहरी